मुंबई से सटे विरार के रमाबाई अपार्टमेंट में इमारत का हिस्सा ढहा, 2 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के पालघर जिले में विरार के रमाबाई अपार्टमेंट में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं, 11 से ज़्यादा लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 4:35 बजे हुआ, जब इमारत का एक हिस्सा पास की एक चॉल पर गिर गया। इससे चॉल में रह रहे कई लोग मलबे में दब गए। इस घटना से बगल की एक और इमारत को भी नुकसान पहुँचा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की जानकारी मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका, दमकल विभाग, एनडीआरएफ (NDRF) और पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एनडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से 6 घायल हैं। उन्हें विरार और नालासोपारा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

वसई-विरार महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत ने बताया कि इमारत का आधा हिस्सा ढह गया है, जिसमें करीब 12 फ्लैट थे। फिलहाल, कितने लोग मलबे में फंसे हैं, यह साफ नहीं है। प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया है और हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जाँच शुरू कर दी है। ऐसा माना जा रहा है कि इमारत की पुरानी हालत और बनावट की कमज़ोरी इस हादसे का कारण हो सकती है।

Also Read: Varanasi News: कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.