पासपोर्ट की टेंशन होगी खत्म! 21 फरवरी को लखनऊ समेत 4 शहरों में लगेगा ‘निवारण मेला’

Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आपका पासपोर्ट कहीं फंसा है, पुलिस वेरिफिकेशन में दिक्कत है या दस्तावेजों की वजह से काम रुका हुआ है, तो 21 फरवरी का दिन आपके लिए बेहद खास है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (RPO) शुभम सिंह ने घोषणा की है कि लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी में आगामी 21 फरवरी को ‘पासपोर्ट जन निवारण मेले’ का आयोजन किया जा रहा है।

एजेंटों और दलालों के जाल में न फंसे जनता मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने आम जनता से अपील की कि पासपोर्ट जल्दी बनवाने के लालच में किसी भी एजेंट या दलाल के झांसे में न आएं। इससे न सिर्फ आपके पैसे बर्बाद होते हैं, बल्कि गलत जानकारी के कारण भविष्य में कानूनी कार्रवाई का डर भी बना रहता है। इस मेले का मकसद सेवाओं को पूरी तरह पारदर्शी और नागरिक-हितैषी बनाना है।

चार शहरों में एक साथ लगेगा मेला यह विशेष शिविर 21 फरवरी को एक साथ चार शहरों के पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर आयोजित होगा।

  • लखनऊ
  • कानपुर
  • गोरखपुर
  • वाराणसी

कौन-कौन सी समस्याएं हल होंगी? 

काफी समय से लंबित (Pending) आवेदन।

पुलिस वेरिफिकेशन (Police Verification) से जुड़ी उलझनें।

नाम, पता या जन्मतिथि जैसी गलतियों को सुधारना।

जरूरी दस्तावेजों (Documents) से जुड़े सवाल।

पासपोर्ट रिन्यूअल या दोबारा जारी करने में आ रही दिक्कतें।

साल 2025 में बना रिकॉर्ड

शुभम सिंह ने बताया कि विभाग लगातार अपनी रफ्तार बढ़ा रहा है। साल 2025 में लखनऊ कार्यालय ने 8,09,839 पासपोर्ट जारी किए, जो कि 2024 (7.33 लाख) के मुकाबले काफी ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा फोकस इस बात पर है कि नागरिकों को दफ्तरों के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।

आवेदकों के लिए जरूरी सलाह

पासपोर्ट अधिकारी ने कहा कि जो लोग अपनी समस्या लेकर मेले में आएं, वे अपने साथ सभी ओरिजिनल दस्तावेज और उनकी फोटोकॉपी जरूर लाएं। इससे मौके पर ही फाइल को क्लियर करने में आसानी होगी। इससे पहले दिसंबर 2025 में लगे मेले में 500 से ज्यादा लोगों की समस्याओं का तुरंत निपटारा किया गया था।

Also Read: अमेठी: एंटी-करप्शन टीम ने दरोगा को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार, थाने में मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.