रूस में बिकेगा पतंजलि का उत्पाद, बाबा रामदेव के समूह ने रूसी सरकार के साथ किया बड़ा समझौता

Sandesh Wahak Digital Desk: योग गुरु बाबा रामदेव के पतंजलि समूह ने अब रूस के बाजार में मजबूत कदम रखने की तैयारी कर ली है। शनिवार को पतंजलि समूह ने रूसी सरकार के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जिससे उसके लिए इस देश में प्रवेश करना और विस्तार करना आसान हो जाएगा।

समझौते का मुख्य उद्देश्य

पतंजलि समूह द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य और आरोग्य, स्वास्थ्य पर्यटन, कौशल युक्त मानव संसाधन और शोध के क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सहयोग को बढ़ाना है।

इस महत्वपूर्ण समझौते पर पतंजलि समूह की ओर से बाबा रामदेव ने, जबकि रूस की तरफ से भारत-रूस व्यावसायिक परिषद के चेयरमैन और रूस के वाणिज्य मंत्री सर्गेई चेरेमिन ने हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर बाबा रामदेव ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रूस में लोग योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बहुत पसंद करते हैं और सक्रिय रूप से इनका अभ्यास भी करते हैं।

बता दें कि बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण द्वारा शुरू किया गया पतंजलि समूह अपने आयुर्वेदिक उत्पादों और एफएमसीजी (रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पाद) के लिए जाना जाता है, जिसमें पतंजलि आयुर्वेद और पतंजलि फूड्स (पूर्व में रुचि सोया) जैसी कंपनियां शामिल हैं। यह समझौता पतंजलि को वैश्विक स्तर पर एक और बड़ा बाजार उपलब्ध कराएगा।

Also Read: फ्रांस के ग्वाडेलूप में बेकाबू कार भीड़ में घुसी, 10 लोगों की मौत, 19 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.