पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने से किया इनकार, बोले- पार्टी का सच्चा सिपाही हूँ

Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से साफ कर दिया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।

पवन सिंह ने अपने पोस्ट में स्पष्ट लिखा, मैं भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और नाहीं मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।

पिछले महीने, पवन सिंह ने बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद यह चर्चा काफी तेज हो गई थी कि राजपूत समुदाय से आने वाले पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। वह पहले भी चुनाव लड़ने की अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं ज़ाहिर कर चुके हैं।

लोकसभा चुनाव में भी रहे थे चर्चा में

पवन सिंह के राजनीतिक करियर में उथल-पुथल रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में, बीजेपी ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से मैदान में उतारा था। हालांकि, बाद में पार्टी ने उन पर यह आरोप लगने के बाद उन्हें चुनाव से हटने के लिए दबाव डाला कि उनके संगीत वीडियो और गीतों में बंगाली महिलाओं को अभद्र तरीके से दिखाया गया है।

बीजेपी द्वारा बिहार से टिकट देने से मना किए जाने के बाद, पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उनके समर्थन में राजपूत समुदाय का एक बड़ा वर्ग एकजुट हुआ था, जिससे कुशवाह समुदाय में नाराज़गी फैल गई थी। इस चुनाव में राजग को नुकसान उठाना पड़ा, और उपेंद्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे, जबकि भाकपा (माले) ने यह सीट जीती थी।

Also Read: पवन सिंह से विवाद के बीच पत्नी ज्योति सिंह ने रखा करवा चौथ का व्रत, सोशल मीडिया पर छलका दर्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.