पति पवन सिंह से विवाद के बीच ज्योति सिंह का बड़ा ऐलान – काराकाट सीट से निर्दलीय लड़ेंगी चुनाव
Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह (PawanSingh) से विवादों के बीच उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने अब राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया है। ज्योति सिंह ने साफ कर दिया है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी। इस घोषणा के साथ ही बिहार की सियासत में एक नया मोड़ आ गया है, क्योंकि हाल ही में उनकी जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर (पीके) और आरजेडी नेताओं से मुलाकातों ने पहले ही राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी थी।
जन सुराज से बात न बनने के बाद लिया निर्णय
दरअसल कुछ दिन पहले ज्योति सिंह ने प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वह जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि पीके के साथ उनकी बात नहीं बनी, और उन्होंने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। ज्योति सिंह ने यह भी बताया था कि वह तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी के नेताओं से भी मिली थीं, जहां सीट पर चर्चा तो हुई, लेकिन किसी निष्कर्ष पर बात नहीं पहुंची।
गौरतलब हो कि ज्योति सिंह ने अगस्त 2025 में ही राजनीति की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने काराकाट, नबीनगर और डिहरी सीटों पर जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया था। काराकाट विधानसभा सीट, जो कि राजपूत बहुल इलाका मानी जाती है, उनके अभियान का मुख्य केंद्र रही। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया और महिलाओं के मुद्दों को अपना प्राथमिक एजेंडा बताया।

न्याय की लड़ाई से राजनीति तक
पवन सिंह से अपने विवाद के दौरान ज्योति सिंह ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह अपने भाई प्रशांत किशोर के पास न्याय मांगने गई थीं। उन्होंने कहा था कि उनके साथ जो हुआ, वह किसी और महिला के साथ न हो, इसके लिए वह आवाज उठा रही हैं। प्रशांत किशोर ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी ज्योति सिंह से राजनीतिक चर्चा नहीं हुई, लेकिन अगर उन्हें किसी प्रकार की धमकी या दबाव का सामना करना पड़े, तो जन सुराज उनकी मदद करेगा।
वहीं माना जा रहा है कि ज्योति सिंह का काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ये ऐलान बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकता है। यह सीट फिलहाल एनडीए के कब्जे में है, और पवन सिंह का भोजपुरी सिनेमा में विशाल फैन बेस इसे हाई-प्रोफाइल मुकाबले में बदल सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि ज्योति सिंह को महिला मतदाताओं और युवाओं का समर्थन मिला, तो यह सीट पूरे बिहार चुनाव की सबसे चर्चित सीट बन सकती है।
Also Read: IRCTC Case: लालू फैमिली के खिलाफ चलेगा केस, कोर्ट ने तय किए आरोप

