पवन सिंह BJP में रहेंगे, तावड़े का दावा- NDA के लिए करेंगे काम
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बड़ा दावा किया है। बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने साफ कर दिया है कि पवन सिंह न सिर्फ़ NDA के साथ रहेंगे, बल्कि चुनाव में सक्रियता से काम भी करेंगे।
तावड़े ने पवन सिंह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात पर बयान देते हुए कहा, पवन सिंह बीजेपी में हैं और बीजेपी में रहेंगे। उपेंद्र कुशवाहा ने उनको आशीर्वाद दिया है और आने वाले चुनाव में एनडीए के लिए पवन सिंह सक्रियता से काम करेंगे, वो भी बीजेपी के कार्यकर्ता बनकर।
कुशवाहा के घर पर हुई मुलाकात
दिल्ली में बीजेपी के सीनियर नेता विनोद तावड़े, भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ उपेंद्र कुशवाहा के घर पहुँचे थे। इस मुलाक़ात ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है, क्योंकि पिछले लोकसभा चुनाव में पवन सिंह के काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण ही उपेंद्र कुशवाहा को हार का सामना करना पड़ा था।
दरअसल, उस चुनाव में राजपूत वोट उपेंद्र कुशवाहा को नहीं मिला था। इसके असर से आसपास की सीटों पर कुशवाहा वोटरों ने भी NDA उम्मीदवारों से दूरी बना ली थी, जिससे बीजेपी को शाहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ था। अब, उपेंद्र कुशवाहा, पवन सिंह और विनोद तावड़े की एक साथ हुई यह मुलाक़ात इस बात का संकेत दे रही है कि NDA बिहार में जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश कर रहा है।
Also Read: Varanasi News: नमामि गंगे के तहत कन्याओं ने पर्यावरण के प्रति लोगों को किया जागरूक

