पवन सिंह से मिलने लखनऊ स्थित घर पहुंची पत्नी ज्योति, पुलिस ने रोका, जमकर हुआ हंगामा
Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह जब रविवार को उनसे मिलने लखनऊ स्थित उनके आवास पर पहुंचीं, तो वहां पुलिस का सामना करना पड़ा। ज्योति को न केवल मिलने से रोका गया बल्कि उन्हें थाने चलने के लिए कहा गया, जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
इंस्टाग्राम पोस्ट में पहले ही जताई थी मिलने की इच्छा
गौरतलब हो कि इससे पहले ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अपनी मंशा जाहिर की थी कि वे पवन सिंह और उनके परिवार से मिलना चाहती हैं। उन्होंने लिखा था, “प्रिय पतिदेव श्री पवन सिंह, मैं कल आपसे और आपके परिवार से मिलने लखनऊ स्थित आपके आवास पर आ रही हूं। मुझे आशा ही नहीं, पूर्ण विश्वास है कि आप मुझसे अवश्य मिलेंगे।”
वायरल वीडियो में दिखा दर्द और गुस्सा
वहीं मुलाकात की उम्मीद लेकर पहुंचीं ज्योति सिंह ने जो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, उसमें वे भावुक और नाराज़ नजर आ रही हैं। वीडियो में वह कहती हैं, “देखिए आप लोग ये लोग कैसे मेरे साथ कर रहे हैं। मैं यहां आई हूं और मुझे यहां से निकाला जा रहा है, आप लोगों के कहने पर ही मैं यहां आई थी। अब बताइए मैं क्या करूं।” वहीं, जब वे पुलिस से सवाल करती हैं कि उन्हें किस केस में बुलाया गया है, तो लेडी पुलिस सिर्फ इतना कहती है कि उन्हें थाने बुलाया गया है।
काफी समय से ठीक नहीं हैं पति-पत्नी के संबंध
आपको बताते चलें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच पिछले कुछ वर्षों से संबंध ठीक नहीं चल रहे हैं। पवन सिंह ने तलाक के लिए अदालत में याचिका दाखिल कर रखी है और इस पर सुनवाई चल रही है। हालांकि बीच में दोनों के रिश्तों में थोड़ी नरमी आई थी, लेकिन रविवार को लखनऊ में जो कुछ हुआ, उसने फिर से हालात बिगाड़ दिए हैं।
Also Read: सपा सांसद आदित्य यादव, बोले- जातिगत आधार पर बांटकर जीत हासिल करने की फिराक में बीजेपी

