PCB Corruption: पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा घोटाला! ऑडिट रिपोर्ट में हुए खुलासे
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक बार फिर विवादों में घिर गया है। हाल ही में सामने आई ऑडिटर जनरल की एक विस्फोटक रिपोर्ट ने बोर्ड के भीतर फैले भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की परतें उधेड़ दी हैं।
इस रिपोर्ट में करोड़ों रुपये की बिना प्रक्रिया के नियुक्तियां, गलत भुगतान, और अनधिकृत खर्चों का खुलासा किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों के भोजन पर 63.39 मिलियन रुपये (करीब 6.33 करोड़) खर्च किए गए, जिसकी पारदर्शिता पर सवाल उठाए गए हैं।

अंडर-16 कोच की नियुक्तियों में गड़बड़ी
कराची हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अंडर-16 एज ग्रुप के तीन कोचों की नियुक्ति भी संदेह के घेरे में है। रिपोर्ट के अनुसार, ये नियुक्तियां बिना उचित प्रक्रिया के की गईं, और इन पर 5.4 मिलियन रुपये (54 लाख) का व्यय हुआ।
टिकट अनुबंधों में अनियमितताएं
बोर्ड पर आरोप है कि बिना ओपन टेंडरिंग प्रक्रिया के टिकटों के अनुबंध दिए गए। इससे पारदर्शिता की भारी कमी उजागर होती है और यह वित्तीय कदाचार की ओर इशारा करता है।
मैच अधिकारियों को ओवरपेमेंट, फिक्सिंग का शक
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मैच अधिकारियों को अनुचित रूप से 3.9 मिलियन (39 लाख) रुपये अतिरिक्त दिए गए, जिससे मैच फिक्सिंग जैसी गंभीर शंका को बल मिलता है।
मीडिया डायरेक्टर की नियुक्ति में भी गड़बड़ी
रिपोर्ट में PCB की मीडिया डायरेक्टर की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि यह नियुक्ति बिना किसी चयन प्रक्रिया के, विज्ञापन, अनुमोदन, अनुबंध और जॉइनिंग कुछ ही घंटों में कर दी गई। इस पद पर हर महीने 9 लाख रुपये का खर्च दिखाया गया है।
बोर्ड अध्यक्षों पर भी उठा सवाल
रिपोर्ट में यह खुलासा भी हुआ कि फरवरी से जून 2024 के बीच बोर्ड अध्यक्ष को यूटिलिटी बिल, आवास, पीओएल (ईंधन वगैरह) के नाम पर 41.7 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जो पूरी तरह अनधिकृत बताया गया है।
बुलेटप्रूफ गाड़ियों पर 1.09 करोड़ का डीजल खर्च
बिना किसी अधिकृत टेंडर प्रक्रिया के खर्चों की लिस्ट में पंजाब सरकार द्वारा बुलेटप्रूफ गाड़ियों के डीजल पर 19.8 मिलियन (1.09 करोड़) रुपये खर्च करने का भी ज़िक्र है।
PCB में नेतृत्व का संकट भी उजागर
पिछले कुछ वर्षों में PCB में नेतृत्व परिवर्तन भी लगातार विवादों में रहा है-
-
दिसंबर 2022: रमीज राजा को हटाया गया
-
दिसंबर 2022 – जून 2023: नजम सेठी चेयरमैन
-
जून 2023 – 2024: जका अशरफ चेयरमैन
-
वर्तमान चेयरमैन: मोहसिन नकवी
लगातार नेतृत्व परिवर्तन के चलते बोर्ड की नीतियों और संचालन में अस्थिरता बनी रही है।

