Pratapgarh News: पत्नी से फोन पर विवाद के बाद PCS अधिकारी ने की आत्महत्या

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे केशवराय गांव में 40 वर्षीय समाज कल्याण अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया। इस खबर से परिवार और पूरे गांव में मातम पसर गया है।

आशीष सिंह मूल रूप से इसी गांव के रहने वाले थे और अपनी मेहनत से दो साल पहले ही पीसीएस (PCS) परीक्षा पास कर आजमगढ़ जिले में समाज कल्याण अधिकारी बने थे। इससे पहले वह खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि आशीष शनिवार को छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे और बुधवार को ड्यूटी पर वापस जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान, फोन पर उनकी अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर बहस हो गई।

विवाद के बाद आशीष अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया, जहां आशीष का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला।

परिवार ने बताया कि आशीष की शादी 10 साल पहले हुई थी और उनका एक 5 साल का बेटा भी है। पिछले तीन महीनों से उनकी पत्नी मायके में रह रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और लोग सदमे में हैं।

Also Read: Bareilly News: 10 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.