अब पीड़ा, दमन और अन्याय को नहीं सहेगा PDA: Akhilesh Yadav
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के हर जिले और गांव में यह चर्चा आम है कि जातीय पक्षपात के चलते अपने ही जाति के अधिकारियों की तैनाती की जा रही है और स्वजातीय माफियाओं तथा अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भेदभाव, अन्याय और अत्याचार अपने चरम पर पहुंच गया है और आम जनता इसके कारण परेशान है।
जौनपुर और बदायूं की घटनाओं का जिक्र
यहां अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा माहौल का नतीजा है कि जौनपुर में एक ड्राइवर को गर्दन पर पैर रखकर दबाकर मार दिया गया। इसके अलावा बदायूं में दो लोगों को गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से स्पष्ट है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है।
प्रदेश को बर्बाद करने का आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे सजातीय पक्षपाती मोहरों ने सत्ताधीशों को धृतराष्ट्र बना दिया है, जिसके कारण प्रशासनिक तंत्र निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर पा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक मां चीख-चीख कर कह रही है कि उसके बेटे ने अपनी जान बचाने के लिए डीएम, एसपी और विधायक से गुहार लगाई थी, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हुई।
PDA अन्याय और दमन को नहीं सहेगा
अखिलेश यादव ने कहा कि अब पीडीए जाग चुका है और वह जातीय अन्याय और अपराध का जवाब देगा। उन्होंने कहा कि पीडीए अब पीड़ा, दमन और अन्याय को और नहीं सहेगा और इसके खिलाफ आवाज उठाएगा।
Also Read: Lucknow News: मोतीमहल लॉन में रोजा इफ्तार पार्टी, अखिलेश यादव बोले- दिलों को जोड़ते हैं ऐसे आयोजन

