‘जनता ने रिटायर नहीं किया’, बृजभूषण सिंह ने कैसरगंज से लोकसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले कैसरगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान किया है। गुरुवार को भगवतीगंज क्षेत्र में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ करने पहुँचे बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी राजनीतिक स्थिति पर खुलकर बयान दिया।

‘परिस्थितिजन्य रिटायरमेंट’ पर पलटवार

बृजभूषण शरण सिंह ने अपने समर्थकों और जनता के बीच अपनी वापसी का मजबूत संकेत देते हुए कहा कि “मुझे परिस्थितिजन्य रूप से रिटायर कर दिया गया, लेकिन जनता ने मुझे रिटायर नहीं किया है।”

उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंडल की जनता की भावना उन्हें फिर से आगे बढ़ने की शक्ति देती है। उन्होंने जनभावना का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया है कि वह 2029 में कैसरगंज सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। ज्ञात हो कि हाल के चुनावों में बीजेपी ने उनकी जगह उनके पुत्र को टिकट दिया था।

भागवत कथा में हुए शामिल

पूर्व सांसद भगवतीगंज क्षेत्र में पूर्व सभासद के घर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। दीप प्रज्वलित कर कथा का शुभारंभ करने के बाद उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि “जीवन को दिशा देने वाली शिक्षा है।” रामकोट अयोध्या स्थित श्रीरामलला सदन देवस्थान के अध्यक्ष व प्रसिद्ध कथावाचक राघवाचार्य जी महाराज ने प्रथम दिवस की कथा में भगवान श्री कृष्ण के बाल रूप और भक्त ध्रुव चरित्र का वर्णन किया।

इस कार्यक्रम में सदर विधायक पलटूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू और भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा सहित कई स्थानीय नेता और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Also Read: ड्यूटी के दौरान बीएलओ की मौत: डीएम ने मृतक शिक्षक के परिवार को आर्थिक सहायता का दिया भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.