‘लखनऊ वालों ने काला चश्मा पहन लिया है ताकि…’, अखिलेश यादव ने क्यों कही ये बात?
Sandesh Wahak Digital Desk: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के बढ़ते ग्राफ पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन से लेकर हर तरह के अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
दिल्ली और लखनऊ की मिलीभगत
अखिलेश यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे इस लूट में दिल्ली और लखनऊ के बीच कोई गुप्त समझौता है। उन्होंने कहा, “न दिल्ली के ड्रोन को दिनदहाड़े होने वाला अवैध खनन दिख रहा है और न ही उनकी दूरबीन को। वहीं, लखनऊ वालों ने तो पहले ही काला चश्मा लगा लिया है। मंशा साफ है न अपराध दिखेगा, न कार्रवाई करनी पड़ेगी और हिस्से-बांट की मलाई अपने आप घर तक पहुंच जाएगी।”
एआई (AI) के बहाने पर भी घेरा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जब भ्रष्टाचार के साक्षात सबूत और वीडियो सामने आएंगे, तो सरकार के लोग बड़ी आसानी से कह देंगे कि ये तो ‘एआई जनरेटेड’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में संसाधनों की ऐसी लूट पहले कभी नहीं देखी गई।
महंगाई और गैस संकट पर प्रहार
अखिलेश यादव ने आम जनता की परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के दोनों इंजन पूरी तरह फेल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब लोगों को खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। होटल और दुकानें बंद होने की कगार पर हैं। प्रदेश में जरूरी वस्तुओं की भारी किल्लत है और कालाबाजारी चरम पर है, लेकिन भाजपा के नेता सिर्फ झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
किसानों के बाद अब आम जनता बेहाल
उन्होंने याद दिलाया कि पहले किसान खाद के लिए लाइनों में लगकर परेशान था और अब आम आदमी सिलेंडर के लिए भटक रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि नफरत की राजनीति करने वाली भाजपा को जनता की कोई चिंता नहीं है और इस बदहाली के लिए पूरी तरह भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
Also Read: वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन, बंगाल से दबोचे गए ‘डिजिटल डकैत’

