Lucknow News: खोए मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे, लखनऊ पुलिस को कहा- धन्यवाद
Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आपका फोन खो गया है, तो मायूस होने की ज़रूरत नहीं है! लखनऊ पुलिस ने एक कमाल का काम किया है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लोगों के खोए हुए 86 मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं। इन फोन्स की कुल अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये है।

ये सभी मोबाइल फोन अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए हैं, जिनमें लखनऊ के अलावा रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी और उन्नाव जैसे जिले शामिल हैं। इतना ही नहीं पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल, बिहार और दिल्ली जैसे दूसरे राज्यों से भी कई फोन बरामद किए हैं।

दरअसल पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत दक्षिणी जोन के सर्विलांस सेल ने गुमशुदगी के दर्ज प्रार्थना पत्रों पर तेजी से कार्रवाई की। आज 8 अगस्त 2025 को इन सभी फोन्स को उनके असली मालिकों को वापस कर दिया गया।

अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर लोग बहुत खुश हैं। उन्होंने लखनऊ पुलिस का दिल से शुक्रिया अदा किया है। इस सफलता से यह साबित होता है कि पुलिस नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है।
Also Read: UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा- बीजेपी संरक्षित गुंडे-माफिया कर रहे हैं हमला

