PET Exam: लखनऊ में 91 परीक्षा केंद्रों पर 1.26 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे एग्जाम

Lucknow News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 को पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए लखनऊ प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि वे गाइडलाइंस का ठीक से अध्ययन कर लें। साथ ही, सभी केंद्रों पर वीडियो रिकॉर्डिंग और कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

दो दिन और चार पालियों में होगी परीक्षा

इस बैठक में बताया गया कि लखनऊ में PET के लिए कुल 91 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,26,912 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा 6 और 7 सितंबर को दो दिन और चार पालियों में होगी।

पहली पाली: सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक

दूसरी पाली: दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक

डीएम ने निर्देश दिए कि प्रश्न पत्र सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।

UPSSSC PET

परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

यातायात व्यवस्था: रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर परीक्षार्थियों के लिए हेल्पडेस्क लगाए जाएंगे, जहां उन्हें ट्रेनों और बसों की समय-सारणी, परीक्षा केंद्रों की लोकेशन और रैन बसेरों की जानकारी मिलेगी।

सुविधाएं: सभी केंद्रों पर लाइट, पंखे, पीने का पानी और साफ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

बारिश से बचाव: जलभराव वाले केंद्रों की पहचान कर नगर निगम की टीमें तैनात की जाएंगी ताकि बारिश होने पर कोई असुविधा न हो।

अतिरिक्त बसें: आरएम रोडवेज को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों की वापसी के लिए जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया जाए।

सुरक्षा और स्वास्थ्य: चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।

बैठक में डीएम विशाख जी, अपर आयुक्त, सीएमओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, रेलवे, रोडवेज और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Also Read: Zomato से खाना ऑर्डर करना हुआ महंगा, कंपनी ने 20% बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.