फ्रीलांसर, गिग वर्कर्स और स्वरोजगार करने वालों के लिए भी आ सकती है PF सुविधा, EPFO नई योजना पर कर रहा काम

Universal PF Sheme : देश में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो किसी कंपनी में स्थायी नौकरी नहीं करते, बल्कि फ्रीलांसिंग, स्वरोजगार या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी आय अर्जित करते हैं। अब ऐसे लोगों को भी भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) नई यूनिवर्सल प्रोविडेंट फंड (PF) योजना पर काम कर रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रस्तावित योजना के जरिए स्वरोजगार करने वाले, गिग वर्कर्स, फ्रीलांसर, कंसल्टेंट और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी भी रिटायरमेंट के लिए PF के माध्यम से बचत कर सकेंगे। हालांकि, सरकार की ओर से अभी इस योजना की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

किन लोगों को मिल सकता है योजना का लाभ?

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नई योजना का सबसे अधिक लाभ उन लोगों को मिल सकता है जो अभी EPFO के दायरे से बाहर हैं। इनमें स्वरोजगार करने वाले लोग, गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स, फ्रीलांसर, कंसल्टेंट, असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी और अन्य ऐसे कर्मचारी शामिल हैं जो फिलहाल EPFO की सुविधा का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

यदि यह योजना लागू होती है, तो सदस्य अपनी सुविधा और आय के अनुसार PF खाते में नियमित योगदान कर सकेंगे। इसमें रोजाना, साप्ताहिक, मासिक या सालाना आधार पर पैसा जमा करने का विकल्प मिल सकता है। जमा राशि पर उसी तरह वार्षिक ब्याज मिलने की संभावना है, जैसा मौजूदा EPF खातों में मिलता है।

यह व्यवस्था खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है जिनकी आय हर महीने एक समान नहीं होती और जो अपनी क्षमता के अनुसार बचत करना चाहते हैं।

टैक्स छूट और किस्तों में निकासी का भी मिल सकता है विकल्प

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रस्तावित योजना में टैक्स लाभ देने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके तहत सालाना 2.5 लाख रुपये तक के योगदान और उस पर मिलने वाले ब्याज को टैक्स छूट के दायरे में रखा जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

योजना का एक अन्य प्रस्ताव यह भी है कि रिटायरमेंट के बाद पूरी राशि एक साथ निकालना अनिवार्य न हो। सदस्य चाहें तो अपनी रकम EPFO में ही रख सकते हैं और जरूरत के अनुसार किस्तों में निकासी कर सकते हैं। यह व्यवस्था म्यूचुअल फंड के सिस्टेमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) की तरह हो सकती है। भविष्य में यह सुविधा मौजूदा EPF खाताधारकों को भी दिए जाने की संभावना जताई गई है।

डिजिटल तैयारी शुरू, सरकार की मंजूरी का इंतजार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO इस योजना के लिए आवश्यक आईटी सिस्टम और डिजिटल ढांचे की तैयारी शुरू कर चुका है। हालांकि, इसे लागू करने के लिए अभी सरकार की औपचारिक मंजूरी मिलना बाकी है।

सरकार का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना है, ताकि केवल संगठित क्षेत्र के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि असंगठित क्षेत्र, गिग इकोनॉमी और स्वरोजगार से जुड़े लोग भी रिटायरमेंट के लिए नियमित बचत कर सकें।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.