आजीवन कारावास काट रहे आसाराम के बेटे के पास फोन और सिम कार्ड बरामद, नारायण साईं पर नया केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सज़ा काट रहे धर्मगुरु आसाराम के बेटे नारायण साईं की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। सूरत की लाजपोर सेंट्रल जेल के हाई-सिक्योरिटी बैरक नंबर-1 में उनके पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद होने के बाद उनके खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है। यह मामला सचिन पुलिस थाने में दर्ज हुआ है।

चुंबक से छिपाया था फोन, बैटरी रखी थी अलग

जेल प्रशासन को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली थी कि नारायण साईं (जो अपने अलग सेल नंबर-1 में बंद है) के पास मोबाइल फोन है। सूचना मिलते ही जेल स्क्वॉड ने तुरंत गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान लोहे के मुख्य दरवाजे के पीछे एक स्मार्टफोन चुंबक की मदद से चिपकाया हुआ मिला। फोन के अलावा जियो कंपनी का एक सिम कार्ड भी बरामद हुआ।

जाँच में पता चला कि नारायण साईं बेहद चालाकी से फोन का इस्तेमाल करता था। वह बातचीत पूरी होने के बाद तुरंत फोन से बैटरी और सिम कार्ड निकाल लेता था। सिम कार्ड अपने पास रखता था, जबकि बैटरी को सुरक्षा के लिए सेंट्री रूम के दरवाजे के की-होल के अंदर छिपा देता था। जेल स्टाफ की सतर्कता से बैटरी भी बरामद कर ली गई।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

एसीपी नीरव गोहिल ने बताया कि जेल में मोबाइल फोन रखना एक गंभीर अपराध है। जेल प्रशासन की शिकायत पर सचिन पुलिस ने नारायण साईं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा गुजरात जेल मैनुअल के नियमों के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Also Read: मिर्जापुर में भीषण हादसा: ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत और चार गंभीर घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.