बच्चों की आंखों के लिए खतरे की घंटी बन रहा Pizza-Burger प्रेम

Sandesh Wahak Digital Desk: पिज्जा और बर्गर (Pizza-Burger) के शौकीन बच्चों की आंखों की रोशनी पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इन फास्ट फूड को तैयार करने में एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बेंजीन जैसे हानिकारक तत्व बढ़ने लगते हैं। यह तत्व आंखों की सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो रहा है। इसके कारण आंखों के पर्दे में सूजन देखी जा रही है और आगे चलकर मस्कुलर डिजनरेशन और मोतियाबिंद जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है। एम्स गोरखपुर में रोजाना सामने आ रहे मामले इस खतरे की तस्दीक कर रहे हैं, जहां नेत्र रोग विभाग में ऐसे मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

एम्स गोरखपुर में बढ़ रहे मामले

एम्स गोरखपुर के नेत्र रोग विभाग में जांच के दौरान यह गंभीर ट्रेंड सामने आया है कि आंखों से जुड़ी समस्याएं लेकर आने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार, हाल के दिनों में आंखों की सूजन और कम दिखने की शिकायतों के मामले तेजी से सामने आए हैं। मरीजों की जांच और उनकी दिनचर्या से जुड़ी जानकारी जुटाने पर फास्ट फूड का अधिक सेवन एक प्रमुख वजह के रूप में उभर कर आया है।

फास्ट फूड और आंखों की सूजन

नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार ओपीडी में आने वाले कई बच्चे आंखों में सूजन की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। कुछ बच्चों में कम दिखने की शिकायत भी मिल रही है। जांच के दौरान उनकी हिस्ट्री देखी जाती है तो सामने आता है कि ऐसे बच्चे पिज्जा, बर्गर (Pizza-Burger) और अन्य फास्ट फूड का नियमित सेवन कर रहे हैं। इसकी वजह से आंखों के पर्दे और आसपास की त्वचा में सूजन आ रही है। इस स्थिति में आंखें जल्दी थक जाती हैं और देखने में भी दिक्कत होने लगती है, जो आंखों के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है।

पोषक तत्वों की कमी बढ़ा रही जोखिम

डाक्टरों के अनुसार पिज्जा और बर्गर (Pizza-Burger) जैसे फास्ट फूड में आंखों के लिए जरूरी पोषक तत्वों की भारी कमी होती है। इनमें विटामिन ए, सी, ई और ओमेगा-3 जैसे तत्व नहीं के बराबर होते हैं, जबकि वसा और सोडियम की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इसका सीधा असर आंखों पर पड़ता है, जिससे सूखापन, धुंधलापन और रेटिना को नुकसान पहुंच सकता है। गंभीर मामलों में ऑप्टिक नर्व को डैमेज होने का खतरा भी रहता है, जिससे आंखों की रोशनी जाने तक की स्थिति बन सकती है।

आंखों से आगे भी सेहत पर असर

पिज्जा और बर्गर (Pizza-Burger) जैसे फास्ट फूड सिर्फ आंखों को ही नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि बच्चों की पूरी सेहत पर बुरा असर डालते हैं। इनके अधिक सेवन से बच्चों में मोटापा बढ़ सकता है, एलर्जी और पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा लिवर और हृदय से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक ऐसे खानपान से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है, जिससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित होता है।

अभिभावकों के लिए एडवाइजरी

नेत्र रोग विभाग की ओर से अभिभावकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें बच्चों को पिज्जा, बर्गर और अन्य फास्ट फूड से दूर रखने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों में घर का बना भोजन खाने की आदत डालनी चाहिए। फल, सब्जी और दाल जैसी स्वस्थ और पौष्टिक चीजें बच्चों के आहार में शामिल हों, ताकि उनकी आंखों के साथ-साथ समग्र स्वास्थ्य भी सुरक्षित रह सके।

 

Also Read: विजन 2047: तेज आवागमन, बेहतर व्यापार, हाई-स्पीड परिवहन से बदलेगी यूपी की तस्वीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.