Plane Crash In America: अमेरिका में हुआ विमान हादसा, 67 की मौत, 55 शव बरामद
Plane Crash In America: अमेरिका में एक भयानक विमान हादसे में 67 लोगों की मौत हो गई। अब तक 55 मृतकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। यह हादसा बीते बुधवार को रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पोटोमैक नदी के ऊपर हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना 2001 के बाद अमेरिका में अब तक के सबसे घातक हवाई हादसों में से एक है।
गोताखोर कर रहे शवों की तलाश
वाशिंगटन डीसी के अग्निशमन एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवा (ईएमएस) के प्रमुख जॉन डोनेली ने जानकारी दी कि गोताखोर अब भी 12 लापता लोगों के शवों की तलाश कर रहे हैं। सोमवार सुबह तक बचाव दल पोटोमैक नदी से मलबा उठाने की तैयारी कर रहा है। विमान के बचे हुए हिस्सों को जांच के लिए हैंगर में ले जाया जाएगा।
पीड़ितों को दी गई श्रद्धांजलि
घटनास्थल पर पीड़ितों के परिजन भी पहुंचे और अपने प्रियजनों को श्रद्धांजलि दी। अमेरिकन एयरलाइंस के विमान और सेना के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर की टक्कर से हुए इस हादसे ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
हादसे की जांच जारी
परिवहन सचिव सीन डफी ने इस दुर्घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने ‘सीएनएन’ पर बातचीत के दौरान कहा, “टावर में क्या हो रहा था? क्या वहां कर्मचारियों की कमी थी? क्या ब्लैक हॉक के पायलट ने नाइट विजन गॉगल्स पहने हुए थे?” हादसे के तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
Also Read: North Korea: उत्तर कोरिया ने अमेरिका को दी चेतावनी, ‘दुष्ट देश’ कहने पर जताया कड़ा विरोध

