PM ने उत्तराखंड को दिया 1200 करोड़ का राहत पैकेज, CM धामी ने जताया आभार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड में आई हाल की प्राकृतिक आपदा के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जुगलबंदी को आपदा प्रबंधन का एक नया मॉडल बताया जा रहा है। खराब मौसम के कारण पीएम मोदी भले ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने देहरादून में सीएम धामी और अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की और उत्तराखंड को तत्काल 1200 करोड़ रुपये की राहत सहायता देने की घोषणा की। यह घोषणा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में बड़ी मददगार साबित होगी।

आपदा प्रभावितों को दिया भरोसा

देहरादून में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि धराली में सब कुछ खो चुके परिवारों के पुनर्वास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और अगर जरूरत पड़ी तो नियमों में भी बदलाव किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवार को दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने यह भी ऐलान किया कि इस आपदा में अनाथ हुए बच्चों की देखभाल ‘पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना’ के तहत की जाएगी।

आपदा प्रबंधन में सुधार

पिछले चार सालों में मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में आपदा प्रबंधन में कई सुधार हुए हैं। खुद सीएम धामी ने ग्राउंड जीरो पर जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की। सभी जिलों में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। जिलेवार नुकसान की रिपोर्ट भी केंद्र को भेजी गई है, ताकि समय पर मदद मिल सके। इस दौरान पीएम मोदी ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की भी सराहना की।

Also Read: लखनऊ में बेकाबू रोडवेज बस पलटी, 12 यात्री गंभीर रूप से घायल; कई लोग फंसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.