PM Internship Scheme: यूपी और आंध्र प्रदेश ने बनाए रिकॉर्ड, जानें कैसे करें आवेदन
PM Internship Scheme: भारत सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम ने युवाओं को कंपनियों में इंटर्नशिप का मौका देकर कौशल विकास और रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। हाल ही में, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय ने राज्यसभा में इस योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है, जिसमें बताया गया है कि दो चरणों में किन राज्यों ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।
पहले चरण में यूपी, दूसरे में आंध्र प्रदेश
योजना के पहले चरण में, उत्तर प्रदेश ने सबसे ज्यादा इंटर्नशिप ऑफर दिए। इस चरण में यूपी में कुल 8,875 ऑफर दिए गए, जिसके बाद मध्य प्रदेश (4,917) और आंध्र प्रदेश (4,687) रहे। हालांकि, दूसरे चरण में स्थिति बदल गई। दूसरे चरण में आंध्र प्रदेश ने 9,067 ऑफर के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि मध्य प्रदेश (7,397) दूसरे और उत्तर प्रदेश (5,992) तीसरे स्थान पर रहा।
कुल मिलाकर, पहले चरण में 256 कंपनियों ने 60,866 इंटर्नशिप ऑफर दिए, जबकि दूसरे चरण में 266 कंपनियों ने 67,836 ऑफर दिए। इस योजना में जुबिलेंट फूडवर्क्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन जैसी बड़ी कंपनियों ने भाग लिया।
आवेदन प्रक्रिया और योग्यता
पीएम इंटर्नशिप स्कीम में आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार mca.gov.in की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। होम पेज पर ‘रजिस्टर’ टैब पर क्लिक करके, आवश्यक जानकारी भरनी होगी। इसके बाद, सिस्टम एक रेज़्यूमे बनाएगा और उम्मीदवार अपनी पसंद के सेक्टर और स्थान के अनुसार अधिकतम पांच इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना के लिए वे युवा योग्य हैं जिन्होंने 10वीं, 12वीं, आईटीआई, पॉलिटेक्निक या डिप्लोमा पूरा कर लिया हो। इसके अलावा, किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से नए स्नातक (ग्रेजुएट) भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की आयु 18 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए, हालांकि, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को आयु में छूट मिलेगी।
नौकरी ज्वाइन करने की दर कम
आंकड़ों के अनुसार, बड़ी संख्या में ऑफर दिए जाने के बावजूद, इंटर्नशिप स्वीकार करने वाले और नौकरी में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या काफी कम रही। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, केवल 33% ऑफर ही स्वीकार किए गए, और उनमें से केवल 6% उम्मीदवारों ने ही कंपनियों में नौकरी जॉइन की। यह दिखाता है कि इंटर्नशिप के अवसरों को भुनाने में अभी भी कुछ चुनौतियाँ हैं।
Also Read: चुनाव आयोग का राहुल गांधी पर पलटवार, वोट चोरी का आरोप झूठा, मतदाता के साथ खड़ा है आयोग

