पीएम मोदी ने देशभर की बेटियों के लिए शुरू किया HPV टीकाकरण, राजस्थान को मिली 16,680 करोड़ की सौगात
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान का शंखनाद किया। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अरबों रुपये के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण महिलाओं के प्रिवेंटिव हेल्थकेयर से जुड़ा रहा। पीएम मोदी ने 14 साल की लड़कियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीनेशन कैंपेन की शुरुआत की। इस पहल का मकसद देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से समय रहते बचाना है। प्रधानमंत्री ने राजस्थान के कायाकल्प के लिए कई अहम क्षेत्रों में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी।
एक्सप्रेसवे का जाल: बांदीकुई-जयपुर फोर-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों का उद्घाटन किया गया।
पीने का पानी: नोनेरा और परवन अकवाड़ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई ताकि प्यासे कंठों तक साफ पानी पहुंच सके।
एनर्जी: बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई ग्रिड सबस्टेशन और ट्रांसमिशन सिस्टम की घोषणा की गई।
युवाओं को तोहफा, 21,800 को मिले नियुक्ति पत्र
रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ी हलचल रही। पीएम मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों में भर्ती हुए 21,800 से ज्यादा युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर बांटे। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, दो साल पहले राजस्थान में पेपर लीक की खबरें आती थीं, लेकिन अब वो दौर खत्म हो चुका है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है और युवाओं को ईमानदारी से नौकरियां मिल रही हैं।
इजरायल दौरे और राजस्थानी वीरता का जिक्र
पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि वह कल ही इजरायल से लौटे हैं, जहां आज भी राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह की वीरता को गर्व से याद किया जाता है। उन्होंने बताया कि उन्हें इजराइली संसद में मेजर दलपत सिंह को श्रद्धांजलि देने का सौभाग्य मिला, जो पूरे राजस्थान के लिए गर्व की बात है।
Also Read: Kanpur News: 12 बैंकों के 68 खातों से ढाई साल में निकाले गए 1600 करोड़ नकद

