दार्जिलिंग में भूस्खलन से जनहानि पर पीएम मोदी और अमित शाह ने जताया दुख, बोले- केंद्र सरकार करेगी हर संभव मदद

Sandesh Wahak Digital Desk: पहाड़ी राज्य पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते जनहानि और संपत्ति को हुए नुकसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही दार्जिलिंग सांसद राजू बिस्ता ने भी इस दर्दनाक हादसे पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताई संवेदना

यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा है कि, दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और जरूरतमंदों की हर संभव मदद की जा रही है।

Darjeeling landslide

गृह मंत्री अमित शाह ने भी किया दुख प्रकट

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर लिखा कि, दार्जिलिंग में भारी बारिश के कारण हुई दुखद जनहानि से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने जानकारी दी कि, एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और जरूरत पड़ने पर अधिक टीमें भी तैनात की जाएंगी।

सांसद राजू बिस्ता ने बताया नुकसान का स्तर

यहां दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद राजू बिस्ता ने कहा कि, क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के कारण जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि, यहां कई लोगों की जान गई है। निजी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। साथ ही बुनियादी ढांचा भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया है कि वे लगातार स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों के संपर्क में हैं, और बीजेपी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जरूरतमंदों की हर संभव मदद करें।

Also Read: Kanpur News: मैगी खाने के लिए बहन की अंगूठी बेचने पहुंचा 13 साल का बच्चा, दुकानदार ने निभाई नेकदिली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.