PM मोदी और जेलेंस्की के बीच हुई लंबी बातचीत, जल्द भारत आ सकते हैं यूक्रेन के राष्ट्रपति
Sandesh Wahak Digital Desk: यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर लंबी बातचीत की। इस बात की जानकारी खुद जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दी। उन्होंने बताया कि इस बातचीत में दोनों देशों के आपसी सहयोग और दुनिया की कूटनीतिक स्थिति पर विस्तार से बात हुई।
जेलेंस्की ने पीएम मोदी को दी हमले की जानकारी
जेलेंस्की ने भारतीय प्रधानमंत्री को रूस द्वारा हाल ही में किए गए हमलों के बारे में बताया, खासकर जापोरिजिया में एक बस स्टेशन पर हुए हमले के बारे में, जिसमें दर्जनों लोग घायल हुए थे। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब युद्ध खत्म करने की कोशिशें हो रही हैं, रूस सिर्फ अपनी आक्रामकता दिखा रहा है। उन्होंने इस मुश्किल समय में यूक्रेनी जनता को समर्थन देने के लिए पीएम मोदी का आभार भी जताया।
‘बिना यूक्रेन के कोई भी समझौता बेकार’
जेलेंस्की ने बताया कि पीएम मोदी ने यूक्रेन के शांति प्रयासों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत मानता है कि यूक्रेन से जुड़े किसी भी फैसले में यूक्रेन की भागीदारी जरूरी है। बिना यूक्रेन के कोई भी समझौता बेकार होगा। दोनों नेताओं ने रूस के खिलाफ लगे प्रतिबंधों पर भी बात की। जेलेंस्की ने रूस की युद्ध क्षमता को कम करने के लिए रूसी तेल निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की जरूरत पर जोर दिया।
दोनों नेताओं ने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान मिलने पर सहमति जताई है। इसके साथ ही जेलेंस्की ने पीएम मोदी को यूक्रेन आने का न्योता दिया, और पीएम मोदी ने भी उन्हें भारत आने का आमंत्रण दिया, जिसे दोनों ने स्वीकार कर लिया है।
Also Read: Lucknow News: बाढ़ की आशंका के बीच DM ने किया दौरा, बचाव दल को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश

