PM मोदी का AAP सरकार पर बड़ा हमला, बोले- पंजाब में गैंगवार और रंगदारी आम बात

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये की रेलवे और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार “कट्टर बेईमान” है और उसकी नीयत व ईमानदारी दोनों पर सवाल खड़े होते हैं।

‘पंजाब में गैंगवार और रंगदारी आम हो गई’

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगों को नहीं पता होता कि कब और कहां गैंगवार हो जाए या गोलियां चलने लगें। पीएम मोदी के मुताबिक, खुलेआम रंगदारी मांगी जा रही है और पुलिस थानों तक पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब के नाम पर लिया गया कर्ज जनता के विकास के बजाय उसके भुगतान में खर्च हो रहा है, जबकि सरकार चलाने वाले उसी पैसे का फायदा उठा रहे हैं।

कांग्रेस और अकाली दल पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अपने अंदरूनी मामलों में उलझी हुई है और जनता के मुद्दों से दूर हो गई है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसकी पंजाब इकाई में मुख्यमंत्री पद की लड़ाई कभी खत्म नहीं होती।

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं होने के बावजूद केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में दिखाई देने वाली अधिकांश बड़ी विकास परियोजनाएं केंद्र सरकार की पहल का परिणाम हैं।

Also Read: ‘वंदे मातरम्’ के अपमान पर सख्त कानून की तैयारी, अमित शाह राज्यसभा में पेश करेंगे बिल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.