पीएम मोदी का तीन देशों का अहम दौरा शुरू, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर फोकस

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (15 दिसंबर 2025) से जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान के तीन देशों के महत्वपूर्ण दौरे पर रवाना हो गए हैं। यह यात्रा भारत के पश्चिम एशिया और अफ्रीका के साथ रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक सहयोग को नई मजबूती देने पर केंद्रित है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता के समय हो रहा है, जिसमें भारत अपने भरोसेमंद साझेदारों के साथ रिश्ते मजबूत करना चाहता है।

जॉर्डन (15 दिसंबर)

प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचेंगे। वह किंग अब्दुल्ला द्वितीय से आमने-सामने और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। भारत और जॉर्डन के कूटनीतिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के कारण यह यात्रा विशेष है। व्यापार, निवेश और राजनीतिक सहयोग पर चर्चा होगी।

पीएम मोदी किंग अब्दुल्ला के साथ भारत-जॉर्डन व्यापार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय से मिलेंगे। वह युवराज के साथ प्राचीन व्यापारिक संबंधों के प्रतीक पेट्रा शहर का भी दौरा करेंगे। यह पीएम मोदी की जॉर्डन की पहली पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है।

इथियोपिया (16-17 दिसंबर)

यह प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया की पहली राजकीय यात्रा है। वह प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय रिश्तों के सभी पहलुओं पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।  भारत इस यात्रा के जरिए अफ्रीका में दीर्घकालिक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत करना चाहता है, जिसमें एजेंडा 2063 के तहत अफ्रीका की प्राथमिकताओं और वैश्विक मुद्दों पर विचार किया जाएगा।

ओमान (17-18 दिसंबर)

यह पीएम मोदी की ओमान की दूसरी यात्रा है। भारत और ओमान के कूटनीतिक संबंधों के 70 साल पूरे हो रहे हैं। इस दौरे पर भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर विशेष ध्यान रहेगा, जिससे दोनों देशों के व्यापार और निवेश को नई दिशा मिलेगी। यह दौरा भारत की विदेश नीति को व्यापक रूप देने और पश्चिम एशिया तथा अफ्रीका में अपने आर्थिक एवं रणनीतिक हितों को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Also Read: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने छुए सीएम योगी के पैर, दिया ‘संगठन-सरकार’ समन्वय का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.