पीएम मोदी की सभा में जा रहे 3 भाजपा समर्थकों की ट्रेन हादसे में मौत, नादिया में पसरा मातम

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल दौरे के बीच एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। नादिया जिले के ताहेरपुर में पीएम मोदी की जनसभा में शामिल होने जा रहे भाजपा समर्थकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। आज तड़के ट्रेन की चपेट में आने से तीन समर्थकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, मुर्शिदाबाद के बरंजा इलाके से करीब 40 लोगों का एक दल प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने के लिए ताहेरपुर पहुंचा था। ये सभी लोग शुक्रवार रात को ही वहां पहुंच गए थे। हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब दल के कुछ लोग ताहेरपुर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे शौच के लिए गए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन वहां से गुजरी और उसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई।

हादसे का शिकार हुए तीनों व्यक्ति मुर्शिदाबाद के रहने वाले थे, जिनकी पहचान रामप्रसाद घोष (72 वर्ष), मुक्तिपद सूत्रधर (63 वर्ष) निवासी सबलदहा, बरंजा और बैरब घोष (47 वर्ष) निवासी मसाद्दा के रूप में हुई है। घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

Also Read: मायावती का नीतीश कुमार पर हमला, बोलीं- हिजाब विवाद पर बयानबाजी छोड़ पश्चाताप करें मुख्यमंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.