Ahmedabad Plane Crash: घायलों से मिलने के बाद पीएम मोदी ने बुलाई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सीधे घटनास्थल पर पहुंचे और ज़मीनी स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने घायलों से मिलने के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल का दौरा भी किया। पीएम मोदी के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से भी बातचीत की। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पीएम मोदी ने अहमदाबाद में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी बुलाई है, जिसमें राहत और बचाव कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी।
कड़ी सुरक्षा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वहां सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम के साथ स्निफर डॉग्स की मदद से इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है। एक एनडीआरएफ जवान ने बताया कि मलबे के नीचे से जल चुके लोगों को निकाल लिया गया है और अब इमारत के अंदर की तलाशी की जा रही है।
पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख
इस हादसे पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह मंजर
हादसे के चश्मदीद सूरज ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1:40 बजे जोरदार धमाके की आवाज़ सुनाई दी, जिसके बाद वह और उनके परिवार वाले तुरंत घर से बाहर भागे। उनका घर घटनास्थल से ज़्यादा दूर नहीं था, इसलिए वे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि 5-6 मिनट के अंदर पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन टीमें पहुंच गई थीं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया था।
डीएनए सैंपलिंग से हो रही पहचान
दुर्घटना के बाद मृतकों की पहचान के लिए अहमदाबाद के विजय मेडिकल कॉलेज में डीएनए सैंपलिंग का काम शुरू कर दिया गया है। बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल दे रहे हैं।
Also Read: Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, घायलों से की मुलाकात

