PM मोदी ने गयाजी से बिहार को दी बिजली, रेल, सड़क, आवास, जलापूर्ति परियोजनाओं की कई सौगात

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को ‘ज्ञानस्थली’ के रूप में मशहूर बिहार के गयाजी पहुँचे, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। गया में मगध विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित एक समारोह में पीएम मोदी ने 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएँ रेल, सड़क, बिजली, आवास, जलापूर्ति और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

बिहार को मिलीं नई ट्रेनें और विकास परियोजनाएँ

पीएम मोदी ने इस दौरान गयाजी और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली तथा कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कई अन्य बड़ी परियोजनाओं की भी सौगात दी।

बक्सर में थर्मल पावर प्लांट: 660 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट।

मुजफ्फरपुर में कैंसर अस्पताल: होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र।

सड़क और सीवरेज: एनएच 31 का चार लेन पथ, और नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत मुंगेर में सीवरेज नेटवर्क योजना।

जल आपूर्ति: औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जल आपूर्ति परियोजनाएँ।

इसके साथ ही, पीएम मोदी ने बेगूसराय में 8.15 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले सिमरिया पुल का भी उद्घाटन किया। यह पुल पटना और बेगूसराय के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगा।

16,000 परिवारों को मिला गृह प्रवेश

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 16,000 से अधिक लाभार्थियों को उनके नए घरों में गृह प्रवेश भी कराया। इनमें शहरी क्षेत्रों के 4,260 और ग्रामीण क्षेत्रों के 12,000 परिवार शामिल थे। पीएम ने पाँच लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से उनके घरों की चाबियाँ भी सौंपी। इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। पीएम मोदी के आगमन से एनडीए कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

Also Read: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा मुंगेर पहुंची, मुस्लिम विद्वानों से की मुलाकात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.