पीएम मोदी ने हिमाचल में तबाही का किया हवाई सर्वेक्षण, 1500 करोड़ की राहत का ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश में बादल फटने, भारी बारिश और भूस्खलन से हुई भारी तबाही के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्य का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान भी किया।
कांगड़ा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक में प्रधानमंत्री ने राहत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, इस दौरे में कई अहम घोषणाएं की गईं, जिनका उद्देश्य आपदा पीड़ितों को तत्काल मदद पहुंचाना है।

पीएम मोदी के मुख्य ऐलान
आर्थिक मदद: हिमाचल प्रदेश के लिए 1,500 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता।
अग्रिम सहायता: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त और एसडीआरएफ (SDRF) की राशि समय से पहले जारी की जाएगी।
पशुधन सहायता: प्रभावित पशुधन के लिए विशेष ‘मिनी किट’ जारी किए जाएंगे।
मकानों की मरम्मत: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए जियो-टैगिंग की जाएगी।
शिक्षा की बहाली: 500 से ज्यादा क्षतिग्रस्त स्कूलों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए भी जियो-टैगिंग की सुविधा दी जाएगी, ताकि शिक्षा अभियान के तहत मदद जल्दी मिल सके।
जल प्रबंधन: भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए बारिश के पानी को बचाने के लिए नई जल संचयन संरचनाएं बनाई जाएंगी।
मृतकों के परिजनों को सहायता: बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने राहत और बचाव कार्यों में लगी एनडीआरएफ, सेना और अन्य टीमों के काम की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस आपदा से निपटने के लिए हर संभव मदद करेगी।

