पीएम मोदी का अरुणाचल प्रदेश को 5,100 करोड़ का तोहफा, नॉर्थ ईस्ट को बताया अष्टलक्ष्मी

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में लगभग 5,100 करोड़ रुपये के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। कार्यक्रम इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित किया गया, जिसमें पीएम मोदी ने शि योमी जिले में दो बड़े जलविद्युत प्रोजेक्ट्स और तवांग में एक कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य हमारे लिए ‘अष्टलक्ष्मी’ हैं और केंद्र सरकार की सभी नीतियां यहां के विकास और सशक्तिकरण के लिए हैं।

शैलपुत्री का आशीर्वाद मिलने का अनुभव साझा किया

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई वर्षों में पिछली सरकारों द्वारा अरुणाचल प्रदेश के विकास की अनदेखी की गई थी, लेकिन अब नेक नियत और सही प्रयासों से परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वोट या राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि राष्ट्रहित है। पीएम मोदी ने नवरात्र के शुभ अवसर पर हिमालय की गोद में माता शैलपुत्री का आशीर्वाद मिलने का अनुभव साझा किया और कहा कि राज्य के विकास और संस्कृति को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है।

स्वदेशी उत्पादों के प्रचार का संदेश दिया

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि पीएम मोदी ने पूर्वोत्तर को राजनीति के तराजू में नहीं तोला और उनका उद्देश्य क्षेत्र की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करना है। पीएम मोदी ने अरुणाचल प्रदेश को ‘उगते सूरज की धरती’ बताते हुए कहा कि यहां के नागरिक शौर्य और शांति का प्रतीक हैं।

प्रधानमंत्री ने स्थानीय व्यापारियों और उद्योगपतियों से GST सुधारों पर चर्चा की और उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार उनकी परेशानियों को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने ‘गर्व से कहो ये स्वदेशी है’ अभियान के तहत व्यापारियों को पोस्टर भी प्रदान किए और स्वदेशी उत्पादों के प्रचार का संदेश दिया।

आज उद्घाटित परियोजनाओं में प्रमुख हैं:

  • ताटो-I जलविद्युत प्रोजेक्ट: 186 मेगावाट क्षमता, 1,750 करोड़ रुपये लागत, सालाना 802 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन।
  • हेओ जलविद्युत प्रोजेक्ट: 240 मेगावाट क्षमता, 1,939 करोड़ रुपये लागत, सालाना लगभग 1,000 मिलियन यूनिट उत्पादन।
  • तवांग कन्वेंशन सेंटर: 1,500 लोगों की क्षमता, 145.37 करोड़ रुपये लागत, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा।
  • इसके अलावा स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और फायर सेफ्टी समेत अन्य क्षेत्रों में लगभग 1,290 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल आर्थिक विकास में योगदान देंगी बल्कि स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने में भी मदद करेंगी। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से आग्रह किया कि वे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मार्ग पर सक्रिय योगदान दें।

Also Read: वाराणसी में लिबर्टी शूज़ का भव्य डीलर्स मीट, लॉन्च हुई स्प्रिंग–समर 2026 कलेक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.