पीएम मोदी ने 16वें रोजगार मेले में 51,000 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- आप राष्ट्र निर्माण के सिपाही हैं

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 16वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 47 स्थानों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस खास मौके पर पीएम मोदी ने इन युवाओं को राष्ट्र निर्माण का सिपाही बताया और जोर देकर कहा कि उनकी नियुक्ति बिना पर्ची, बिना खर्चे की पारदर्शी प्रक्रिया का नतीजा है।

विकसित भारत का संकल्प और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि ये नव-नियुक्त युवा ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार मेला केंद्र सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। यह पहल 22 अक्टूबर, 2022 को शुरू हुई थी और तब से अब तक 10 लाख से ज़्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

विभिन्न मंत्रालयों में मिलेगा अवसर

ये नए कर्मचारी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय समावेशन और औद्योगिक विकास जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देंगे। पीएम मोदी ने कहा, आपके विभाग भले ही अलग हों, लेकिन आपका ध्येय एक ही है- राष्ट्र सेवा। चाहे आप रेलवे में काम करें, देश की सुरक्षा करें, डाक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएं या स्वास्थ्य मिशन का हिस्सा बनें, आपका एकमात्र लक्ष्य विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना है।

युवाओं का भविष्य और आर्थिक प्रगति

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले 20-25 वर्ष भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और युवाओं को अपने करियर को विकसित भारत के लक्ष्य के साथ जोड़ना होगा। उन्होंने हाल ही में जारी अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) की रिपोर्ट का भी जिक्र किया, जिसमें बताया गया कि पिछले दशक में 90 करोड़ से अधिक नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया, जिससे न केवल सामाजिक सुरक्षा बढ़ी, बल्कि लाखों नए रोजगार भी पैदा हुए।

निजी क्षेत्र में भी रोजगार सृजन पर जोर

पीएम मोदी ने केवल सरकारी नहीं, बल्कि निजी क्षेत्र में रोजगार सृजन पर भी खास जोर दिया। उन्होंने बताया कि हाल ही में मंजूर की गई ‘रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना’ के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। इस योजना के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का बजट रखा गया है, जिससे लगभग 3.5 करोड़ नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

Also Read: मेरठ में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन युवाओं की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.