इजरायल में नमस्ते और शालोम की गूँज, पीएम मोदी का भव्य स्वागत

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय यात्रा पर इजरायल पहुंच गए हैं। तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उनके विमान के उतरते ही माहौल भारत-इजरायल दोस्ती के रंगों में रंग गया। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ प्रोटोकॉल तोड़कर खुद हवाई अड्डे पर पीएम मोदी की अगवानी की।

हवाई अड्डे पर पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा- स्वागत है मेरे मित्र पीएम नरेंद्र मोदी। वीडियो में नेतन्याहू और उनकी पत्नी बाहें फैलाकर गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। इजरायली अखबार ‘द यरूशलम पोस्ट’ ने तो अपने फ्रंट पेज पर हिंदी में ‘नमस्ते’ और हिब्रू में ‘शालोम’ छापकर इस दौरे को बेहद खास बना दिया।

इतिहास रचेंगे पीएम मोदी

पिछले 9 वर्षों में यह प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी इजरायल यात्रा है। इस दौरे की सबसे बड़ी बात यह है कि पीएम मोदी इजरायल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वे भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे।

दौरे का मुख्य शेड्यूल

अभिनंदन समारोह: नेसेट में पीएम मोदी का आधिकारिक तौर पर अभिनंदन किया जाएगा।

याद वाशेम मेमोरियल: गुरुवार सुबह दोनों नेता ‘होलोकॉस्ट मेमोरियल सेंटर’ जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।

द्विपक्षीय बैठक: किंग डेविड होटल में दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय बैठक होगी, जिसके बाद समझौतों (MoUs) का आदान-प्रदान और संयुक्त प्रेस वार्ता होगी।

भारतीय समुदाय से मुलाकात: पीएम मोदी वहां रह रहे भारतीय मूल के लोगों को भी संबोधित करेंगे।

इस यात्रा के दौरान भारत और इजरायल के बीच बड़े रक्षा समझौतों की उम्मीद है। चर्चा है कि अत्याधुनिक ड्रोन और एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम को लेकर दोनों देशों के बीच अहम बातचीत हो सकती है। नेतन्याहू ने पहले ही कह दिया था कि वे अपने “प्रिय मित्र” के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Also Read: अमेठी में रफ्तार का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.