पीएम मोदी का इजरायल दौरा, प्रियंका गांधी ने गाजा के मुद्दे पर घेरा
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से इजरायल के दो दिवसीय (25-26 फरवरी) महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। यह दौरा न केवल कूटनीतिक लिहाज से बड़ा है, बल्कि ऐतिहासिक भी है, क्योंकि पीएम मोदी इजरायल की संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। एक तरफ जहाँ पीएम इस यात्रा से दोस्ती के नए आयाम देख रहे हैं, वहीं देश में विपक्ष ने उन्हें ‘न्याय और शांति’ की याद दिलाई है।
दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को अपना ‘प्यारा दोस्त’ बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी हाल के वर्षों में काफी तेजी से बढ़ी है। पीएम मोदी ने इस यात्रा के मुख्य उद्देश्यों को रेखांकित किया।
सहयोग के क्षेत्र: साइंस-टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, खेती, जल प्रबंधन, रक्षा और निवेश जैसे क्षेत्रों में रिश्तों को और गहरा करना।
नेसेट में संबोधन: पीएम ने कहा कि इजरायली संसद को संबोधित करना हमारे लोकतांत्रिक रिश्तों के लिए एक बड़ा सम्मान है।
भारतीय समुदाय से मुलाकात: वह इजरायल में रह रहे भारतीय प्रवासियों (डायस्पोरा) से भी मिलेंगे, जो दोनों देशों के बीच एक सेतु का काम करते हैं।
पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भारत के ऐतिहासिक स्टैंड की याद दिलाते हुए उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री वहां सच्चाई और न्याय की बात करेंगे।
प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर लिखा, मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी नेसेट को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों बेगुनाह पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के नरसंहार का जिक्र करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे। भारत हमेशा सही के साथ खड़ा रहा है, हमें दुनिया को शांति और न्याय की रोशनी दिखाते रहना चाहिए।
अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी इजरायल के राष्ट्रपति आइज़ैक हर्ज़ोग से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री का मानना है कि यह स्टेट विजिट न केवल दोनों देशों के पुराने रिश्तों को मजबूत करेगी, बल्कि एक ‘इनोवेटिव’ और खुशहाल भविष्य के लिए नए लक्ष्य भी तय करेगी।
Also Read: सीएम योगी ने मित्सुई प्रबंधन के साथ की व्यापक निवेश पर चर्चा, दिया यूपी में बड़े निवेश का न्योता

