ममता सरकार पर बरसे पीएम मोदी, बोले- बंगाल में महाजंगलराज का काउंटडाउन शुरू, अब हिसाब होगा
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़े जनसैलाब के बीच 2026 के विधानसभा चुनावों का रोडमैप रख दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल अब उस मोड़ पर आ चुका है, जहाँ बदलाव को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस शासन का अंत अब दीवार पर लिखी इबारत की तरह साफ है।
प्रधानमंत्री ने रैली की शुरुआत ब्रिगेड परेड ग्राउंड के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए की। उन्होंने कहा, इस मैदान से उठी आवाज ने कभी अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थीं। आज एक बार फिर यहाँ से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है। जनता का यह उत्साह बता रहा है कि बंगाल की दीवारें अब चीख-चीख कर बदलाव मांग रही हैं। बंगाल के हर कोने से एक ही आवाज आ रही है अबकी बार, भाजपा सरकार।
असली चोर कौन है, जनता जानती है
रैली में आने वाली बाधाओं और टीएमसी के बयानों पर पलटवार करते हुए पीएम मोदी ने कहा, कल टीएमसी ने इस रैली में आने वाले लोगों को ‘चोर’ कहकर गाली दी थी। लेकिन बंगाल की प्रबुद्ध जनता अच्छी तरह जानती है कि असली चोर कौन हैं। कुर्सी जाते देख यहाँ की सरकार बौखला गई है। पीएम ने आरोप लगाया कि लोगों को रोकने के लिए ब्रिज बंद किए गए, गाड़ियां रोकी गईं और भाजपा के पोस्टर फाड़े गए, लेकिन ‘जनसैलाब’ को रोका नहीं जा सका।
प्रधानमंत्री ने अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का समय अब खत्म हो चुका है। वह दिन दूर नहीं जब यहाँ फिर से कानून का राज होगा। जो कानून तोड़ेगा और जो गरीबों पर अत्याचार करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हर जुल्म का चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा।
Also Read: ‘पहले पिता को किया अनफॉलो, अब हटाया सरनेम…’ थलापति विजय के बेटे ने मां को किया सपोर्ट

