PM Modi ने लॉन्च किया BSNL की 4G सर्विस, आत्मनिर्भर भारत की 98 हजार साइट्स लाइव
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक बड़ी सौगात देते हुए भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की 4G सर्विस को आधिकारिक तौर पर पूरे देश के लिए लॉन्च कर दिया है। ओडिशा के झारसुगुड़ा से अन्य परियोजनाओं के साथ ही इस सेवा की घोषणा की गई। इस राष्ट्रव्यापी लॉन्च के साथ, अब देश की सभी टेलीकॉम कंपनियाँ 4G नेटवर्क से लैस हो गई हैं। BSNL का 4G नेटवर्क अब पूरे देश के हर राज्य में पहुँच गया है, जिसे एक साथ 98 हज़ार साइट पर रोल आउट किया गया है।
पूरी तरह स्वदेशी है BSNL का 4G नेटवर्क
इस लॉन्च की सबसे बड़ी खासियत यह है कि BSNL का 4G नेटवर्क पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक पर आधारित है। सरकार का दावा है कि इस सर्विस के लिए सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर को भारत में ही विकसित किया गया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि इस नेटवर्क को तैयार करने में 37,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
भारत अब दुनिया के उन शीर्ष 5 देशों में शामिल हो गया है, जहाँ स्वदेशी तकनीक पर 4G नेटवर्क काम कर रहा है। इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस नेटवर्क को रोल आउट करने में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और तेजस नेटवर्क का अहम योगदान रहा है।
Connecting Every Indian, Empowering Every Dream!
Hon’ble PM Shri @narendramodi unveiled India’s #Swadeshi 4G Network, a milestone in self-reliance that brings world-class telecom to every corner of Bharat.#AtmanirbharBSNL #BSNLRising pic.twitter.com/cju3ki6Lee
— DoT India (@DoT_India) September 27, 2025
5G और 6G पर भी काम शुरू
BSNL की 4G सर्विस लॉन्च होने से देश के करीब 9 करोड़ यूजर्स को सीधा फायदा पहुँचेगा। सरकारी टेलीकॉम कंपनी के रिचार्ज प्लान निजी कंपनियों के मुकाबले 30 से 40% तक सस्ते हैं। बेहतर नेटवर्क मिलने से अब यूजर्स सस्ते प्लान का फायदा उठाने के लिए BSNL में अपना नंबर पोर्ट करा सकेंगे। BSNL अपने 5G सर्विस पर भी तेज़ी से काम कर रही है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, साल के आखिर तक दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में 5G सर्विस रोल आउट हो सकती है।
पीएम मोदी ने 4G लॉन्च के साथ-साथ देश में 6G नेटवर्क की तैयारी की भी बात की। केंद्र सरकार ने दावा किया है कि 6G का रोडमैप तैयार कर लिया गया है और 2030 तक भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल होगा, जो सबसे पहले 6G सर्विस लॉन्च करेंगे।
Also Read: Greater Noida: बेटी होने पर ताने देने के कारण महिला ने की आत्महत्या, पति-सास गिरफ्तार

