PM मोदी ने RJD पर बोला करारा हमला, गिनाया जंगलराज के जीरो विकास का रिपोर्ट कार्ड
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अररिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 1990 से 2005 तक के 15 साल के शासनकाल को जंगलराज करार दिया और बिहार के विकास को जीरो बताया।
लालू शासन यानी जंगलराज की पहचान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता के एक वोट ने बिहार को सामाजिक न्याय की भूमि बनाया था, लेकिन फिर 90 का दशक आया और बिहार पर जंगलराज ने हमला कर दिया। जंगलराज मतलब- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन। ये जंगलराज की पहचान बन गए और ये बिहार का दुर्भाग्य बन गया। आपके माता-पिता के सपने कुचल दिए गए।
उन्होंने सीधे RJD पर वार करते हुए उनके 15 साल के शासन का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। पीएम मोदी ने दावा किया कि 15 साल के जंगलराज में बिहार में जीरो एक्सप्रेसवे बने, जीरो मेडिकल कॉलेज बने और कोसी नदी पर भी जीरो पुल बने। उन्होंने कहा कि उन 15 सालों में एक भी आईआईटी, आईआईएम या नेशनल लॉ कॉलेज की स्थापना नहीं हुई, और न ही कोई टूरिस्ट सर्किट या स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित हुआ।
पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को बड़ी मुश्किल से जंगलराज से बाहर निकाला। उन्होंने दावा किया कि जब से राज्य में डबल इंजन की सरकार बनी है, विकास में नई तेज़ी आई है। उन्होंने पटना में आईआईटी और एम्स, बोधगया में आईआईएम, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, भागलपुर में आईआईआईटी और 4 सेंट्रल यूनिवर्सिटी की स्थापना गिनवाई। साथ ही, गंगा नदी पर चार नए पुलों के निर्माण का ज़िक्र भी किया।
#WATCH | अररिया, बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कुछ दिनों पहले मैंने कांग्रेस-RJD के झगड़े को उजागर किया था। झगड़ा और बढ़ गया है। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को RJD के खिलाफ मोर्चे पर उतार दिया है। वे मीडिया को इंटरव्यू दे रहे… pic.twitter.com/jD5ZFskk0t
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 6, 2025
बिहार के उत्साह की गारंटी
पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान पर खुशी जताते हुए कहा कि सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लंबी लाइनें लगी हैं, खासकर माताओं, बहनों और नौजवानों में अभूतपूर्व उत्साह है। उन्होंने नारे के साथ अपनी बात समाप्त की, फिर एक बार NDA सरकार, फिर एक बार सुशासन की सरकार।
Also Read: सबस्टैंडर्ड चार्जर से बढ़ रहा जान का खतरा, सरकार ने दी चेतावनी

