Lucknow News: पीएम मोदी के राष्ट्र प्रेरणा स्थल लोकार्पण की तैयारियां तेज, मंडलायुक्त ने कार्यक्रम के लिए कसी कमर
Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगामी 25 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण और लखनऊ जनपद भ्रमण कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए आज (बुधवार) लखनऊ में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के पारिजात सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने की। इसमें पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सेंगर, आईजी तरुण गाबा, जिलाधिकारी लखनऊ समेत लखीमपुर, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी के जिलाधिकारी, एलडीए वीसी और नगर आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विभागों को सौंपे गए दायित्व
बैठक में कार्यक्रम की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, परिवहन, जनसुविधा और संचार आदि की विभागवार समीक्षा की गई और प्रत्येक दायित्व के लिए एक स्पष्ट कार्य-योजना निर्धारित की गई। शुरुआत में जिलाधिकारी लखनऊ ने तैयारियों का विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।
बस आवंटन: पुलिस आयुक्त लखनऊ ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों के आगमन और प्रस्थान के लिए यूपीएसआरटीसी (UPSRTC) बसों की संख्या, सुपरवाइज़र, नोडल अधिकारी और रूट प्लान से संबंधित पूरा विवरण 15 दिसंबर 2025 तक उपलब्ध कराया जाए।
कलर कोडिंग: भीड़ प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए, सभी बसों की जनपदवार अलग-अलग कलर कोडिंग करने के निर्देश दिए गए।
दायित्व: पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन और रूट डायवर्जन की जिम्मेदारी संबंधित जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई।
विस्तृत योजना: आईजी तरुण गाबा ने पुलिस और खुफिया विभाग को कार्यक्रम स्थल, मार्गों, पार्किंग स्थलों और भीड़ वाले क्षेत्रों के लिए एक विस्तृत सुरक्षा-योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
आपातकालीन तंत्र: सभी सुरक्षा बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
नाश्ता और पेयजल: जिलाधिकारी लखनऊ ने लाभार्थियों के लिए मानक के अनुरूप नाश्ता और पेयजल की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिजिटल संचार: पुलिस आयुक्त ने परिवहन दल, नोडल अधिकारियों और लाभार्थियों के बीच सतत संचार के लिए जनपदवार समर्पित व्हाट्सऐप ग्रुप संचालित करने को कहा।
सुविधाएं: मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश-निर्गम द्वार, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा इकाई और साफ़-सफ़ाई जैसी सभी जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दैनिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने सभी निर्माणगत एवं अस्थायी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और मानक अनुरूप पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने दायित्वों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी, लखनऊ के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे ताकि अनुपालन समय पर सुनिश्चित हो सके।
Also Read: कंगना रनौत ने राहुल गांधी के आरोपों की शिकार ब्राजीलियाई महिला से मांगी माफी

