मन की बात: पीएम मोदी ने आजमगढ़ की तमसा नदी से अनंतपुर के सूखे तक का किया जिक्र

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड को संबोधित किया। 2026 के इस पहले संबोधन में पीएम ने देश की इनोवेटिव जनता और उनके द्वारा किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के कार्यों पर विस्तार से बात की। उन्होंने उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के दो ऐसे उदाहरण दिए जो आज पूरे देश के लिए मिसाल बन गए हैं।

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की तमसा नदी के पुनरुद्धार की प्रेरक कहानी साझा की। उन्होंने बताया, अयोध्या से निकलने वाली यह ऐतिहासिक नदी प्रदूषण और उपेक्षा के कारण दम तोड़ रही थी। स्थानीय लोगों ने इसे अपनी जिम्मेदारी समझा और एकजुट होकर सफाई अभियान चलाया। नदी के किनारों पर हजारों पेड़ लगाए गए। लोगों की मेहनत रंग लाई और जो धारा रुक गई थी, वह आज फिर से जीवित हो उठी है।

इसी तरह आंध्र प्रदेश के अनंतपुर का जिक्र करते हुए पीएम ने अनंत निरु संकल्प प्रोजेक्ट की सराहना की। सूखे की मार झेल रहे इस जिले के लोगों ने करीब 10 पुराने जलाशयों को साफ कर उन्हें फिर से जीवित किया। इससे न केवल जल स्तर सुधरा, बल्कि इलाके का ग्रीन कवर और पूरा इकोसिस्टम भी बदल गया।

मलेशिया में भारतीय भाषाओं का जलवा

प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति के वैश्विक विस्तार पर खुशी जाहिर करते हुए मलेशिया का एक दिलचस्प उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि मलेशिया में 500 से अधिक तमिल स्कूल चल रहे हैं। वहां केवल तमिल भाषा ही नहीं सिखाई जाती, बल्कि अन्य विषयों की पढ़ाई भी तमिल में होती है। इसके अलावा वहां तेलुगु और पंजाबी जैसी भारतीय भाषाओं पर भी खासा जोर दिया जाता है।

Also Read: Kanpur News: दबंगों ने चौकी के अंदर घुसकर की दरोगा से हाथापाई, सड़क पर घंटों चला गैंगवार, 2 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.