केरल में बदलाव की लहर, पीएम मोदी बोले- अब LDF-UDF के खेल का होगा अंत
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केरल के पलक्कड़ में एनडीए (NDA) की एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का दावा किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस बार केरल का माहौल पिछले चुनावों से बिल्कुल अलग है और राज्य की जनता अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि केरल के युवा, महिलाएं और किसान अब भाजपा और राजग के विकास मॉडल के साथ एकजुट हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चे (LDF) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (UDF) पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि केरल दशकों से इन दो चेहरों के बीच फंसा हुआ है, जिन्होंने सिर्फ अपने स्वार्थ की राजनीति की है।
मोदी की गारंटी: पीएम ने वादा किया कि भाजपा केरल को एक विकसित राज्य में बदल देगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य का भविष्य ‘मोदी की गारंटी’ के बल पर सुरक्षित और समृद्ध होगा।
कार्यकर्ताओं का बलिदान: उन्होंने यह भी कहा कि केरल में आने वाला बदलाव भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और उनके बलिदानों का परिणाम होगा।
LDF और UDF एक ही सिक्के के दो पहलू
पीएम मोदी ने कांग्रेस और वामदलों के बीच के कथित मतभेदों को दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा, ये दोनों दल बाहर एक-दूसरे को ‘बी-टीम’ बताते हैं, लेकिन अंदरूनी तौर पर दोनों जानते हैं कि केरल में असली चुनौती और ‘ए-टीम’ सिर्फ भाजपा ही है। पीएम ने आरोप लगाया कि एलडीएफ और यूडीएफ दशकों तक घोटालों के बीच सत्ता में रहे, लेकिन उन्होंने कभी एक-दूसरे के भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। जनता के सामने ये केवल खोखले दावे करते रहे हैं।
Also Read: IPL 2026: वानखेड़े में टकराव, 14 साल का सूखा खत्म करने उतरेगी मुंबई इंडियंस

