PM Modi का गिफ्ट डिप्लोमेसी, जापानी पीएम को भेंट किए खास भारतीय उपहार
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए जापान दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भारत और जापान के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए अपने जापानी समकक्ष शिगेरू इशिबा और उनकी पत्नी को भारतीय परंपरा और कला से सजे बेहद खास तोहफे भेंट किए। ये उपहार सिर्फ तोहफे नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध संस्कृति की एक झलक हैं, जो जापान की जीवनशैली से भी मेल खाती है।
जापानी पीएम को बाउल सेट
प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी प्रधानमंत्री को बेशकीमती पत्थरों और चांदी की चॉपस्टिक से बना एक बाउल सेट दिया। इस सेट में एक बड़ा भूरा मूनस्टोन बाउल, चार छोटे बाउल और चांदी की चॉपस्टिक शामिल हैं। इसका डिजाइन जापान के पारंपरिक व्यंजन डोनबुरी और सोबा खाने की शैली से प्रेरित है।
बाउल की खासियत: इस बाउल में लगा मूनस्टोन आंध्र प्रदेश से लिया गया है। वहीं, इसका आधार राजस्थान के मकराना संगमरमर से बना है, जिस पर ताजमहल जैसी ऐतिहासिक इमारतों में दिखने वाली पर्चिनकारी शैली में कारीगरी की गई है।
जापानी पीएम की पत्नी को पश्मीना शॉल
प्रधानमंत्री ने शिगेरू इशिबा की पत्नी को हाथ से बनी पश्मीना शॉल भेंट की। यह शॉल एक खूबसूरत पेपर मेश बॉक्स में रखी थी, जिसे कश्मीर के कारीगरों ने बनाया है।
शॉल की खासियत: यह शॉल लद्दाख की चांगथांगी बकरी की ऊन से बनी है, जो दुनिया में अपनी गुणवत्ता और हल्केपन के लिए जानी जाती है। इस पर हाथ से नाजुक फूल और पैसले पैटर्न की कढ़ाई की गई है। यह शॉल सदियों पुरानी कश्मीरी बुनाई कला को दर्शाती है, जिसे कभी शाही परिवार पसंद करते थे।
Also Read: गाजीपुर में सीएम योगी का हवाई सर्वेक्षण, बाढ़ पीड़ितों को तुरंत राहत पहुंचाने का निर्देश

