राज्यसभा में बोले पीएम मोदी, विपक्ष ने दशकों तक देश को लूटा, हमने बैंकिंग सेक्टर और PSU को बर्बादी से बचाया
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा को संबोधित किया। जैसे ही उन्होंने बोलना शुरू किया, विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर तंज कसते हुए पीएम ने सभापति से कहा, खरगे जी को सीट पर बैठकर ही नारेबाजी करने की इजाजत दे दी जाए। पीएम ने अपने भाषण में विकसित भारत के संकल्प और विपक्ष की पुरानी गलतियों को सुधारने के अपने मिशन पर विस्तार से बात की।
पीएम ने कहा कि 21वीं सदी का पहला पड़ाव बीत चुका है और अब शुरू होने वाला दूसरा क्वार्टर देश के लिए निर्णायक होगा। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के बड़े देश बूढ़े हो रहे हैं, जबकि भारत अपनी युवा आबादी के दम पर नई ऊंचाइयां छू रहा है। पीएम ने जोर दिया कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल साउथ की आवाज के रूप में भारत की ओर देख रही है।
Speaking in the Rajya Sabha. https://t.co/MelS1S0NF2
— Narendra Modi (@narendramodi) February 5, 2026
कांग्रेस के विजन पर सवाल और मदर ऑफ ऑल डील्स
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कांग्रेस के दौर के भाषणों में कोई विजन नहीं था। उन्होंने अपनी सरकार की ट्रेड डील्स का जिक्र करते हुए कहा, हमने दुनिया के 9 बड़े देशों और 27 देशों के समूह के साथ ऐतिहासिक समझौते किए हैं। जो लोग थककर चले गए, उन्हें जवाब देना होगा कि उनके समय में कोई देश भारत से डील क्यों नहीं करना चाहता था। पीएम ने आरोप लगाया कि 2014 से पहले फोन बैंकिंग चलती थी, जहां नेताओं के एक फोन पर चहेतों को अरबों के लोन दे दिए जाते थे, जिससे बैंकिंग व्यवस्था तबाह हो गई थी।
PSU और बैंकों का कायाकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने LIC और SBI जैसी संस्थाओं के डूबने की अफवाह फैलाई थी, लेकिन आज ये संस्थान रिकॉर्ड मुनाफे में हैं। उन्होंने बताया कि बैंकों का विलय (Merger) और कड़े सुधारों (Reforms) की वजह से आज NPA का पहाड़ खत्म हो गया है और बैंकों की सेहत सबसे अच्छी है। पीएम ने विपक्ष के अलग-अलग नेताओं को अपने निशाने पर लिया।
घुसपैठिए: उन्होंने कहा कि कुछ लोग अवैध घुसपैठियों की वकालत कर रहे हैं, जो हमारे युवाओं का हक और आदिवासियों की जमीन छीन रहे हैं।
शराब और शीशमहल: ‘आप’ और अन्य दलों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि जिनकी सरकारें शराब में डूबी हैं और जिनके ‘शीशमहल’ (बंगलों) के चर्चे हैं, वे आज हमें उपदेश दे रहे हैं। पीएम ने कहा, तुम दुनिया को कितना भी धोखा दे दो, लेकिन जब आईना देखोगे तो अपनी सच्चाई कहां छिपाओगे?
लोकसभा की घटना का जिक्र
पीएम ने बुधवार को लोकसभा में हुए हंगामे का भी जिक्र किया, जहां उनका भाषण नहीं हो पाया था। लोकसभा अध्यक्ष ने भी इस पर चिंता जताई थी कि कल कुछ विपक्षी सदस्य किसी बड़ी अप्रिय घटना की फिराक में थे। राज्यसभा में बीजेपी सांसदों ने कहा कि मोदी सरकार के 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है।
Also Read: वोटर लिस्ट से सपा समर्थकों के नाम काटने की ‘साजिश’? अखिलेश के निर्देश पर चुनाव आयोग पहुंची सपा

