मालदीव में PM मोदी का भव्य स्वागत, राष्ट्रपति मुइज्जू से होगी अहम बातचीत

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव की राजधानी माले पहुँच गए हैं, जहाँ उन्हें देश के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के दौरान शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह पीएम मोदी का दो दिवसीय मालदीव दौरा है, और हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर खुद राष्ट्रपति मुइज्जू ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान मालदीव की संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। पीएम मोदी के विमान से उतरते ही भारतीय समुदाय के लोगों ने वंदे मातरम के नारे लगाकर उनका जोश भरा स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय समुदाय के इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि भारत और मालदीव अपने आपसी संबंधों को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, और इस यात्रा में भारत के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मालदीव में रहने वाले भारतीयों के साथ अपनी बातचीत को सुखद बताया और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया।

संबंधों में सुधार का संकेत

विदेश सचिव विक्रम मिस्री के अनुसार, नवंबर 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद यह राष्ट्रपति मुइज्जू के कार्यकाल में किसी शासनाध्यक्ष की पहली राजकीय यात्रा है। इस यात्रा को मुइज्जू के शासनकाल की शुरुआत में माले और नई दिल्ली के बीच आई तल्खी के बाद संबंधों में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।

अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। उम्मीद है कि इस बातचीत से दोनों देशों के बीच संबंधों को एक नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री द्वीपीय राष्ट्र में भारत द्वारा सहायता प्राप्त कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे, जो दोनों देशों के सहयोग को और गहरा करेगा।

Also Read: Lucknow News: फर्जी CBI अधिकारी बनकर 56 लाख की ठगी, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.