सीवान से गरजे पीएम मोदी, बोले- पंजा और लालटेन ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया था
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के सीवान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजा और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार को पलायन और पिछड़ेपन का प्रतीक बना दिया था।
जंगलराज को जनता ने खत्म किया
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के युवाओं ने 20 साल पहले का जंगलराज केवल किस्सों में सुना है। उन्होंने याद दिलाया कि एक दौर में बिहार को अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता के लिए जाना जाता था। जिस धरती ने सदियों तक देश को नेतृत्व दिया, उसे लालटेन और पंजे की जोड़ी ने अंधेरे में धकेल दिया।
बिहारी स्वाभिमान से समझौता नहीं करता
प्रधानमंत्री ने बिहार के लोगों की मेहनत और आत्मसम्मान की सराहना करते हुए कहा, मेरे बिहारी भाई-बहन कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी कामयाबी की मिसाल बनते हैं। लेकिन कांग्रेस और राजद ने बिहार के स्वाभिमान को गहरी चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की लापरवाहियों और लूट-खसोट ने गरीबी को बिहार की पहचान बना दिया था।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में पटरी पर लौटा बिहार
पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की राह पर फिर से लाने का काम किया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि मैं सिर्फ उद्घाटन या घोषणा करने नहीं आया हूं, बल्कि आपको विश्वास दिलाने आया हूं कि मोदी रुकेगा नहीं, थकेगा नहीं, बिहार के लिए और भी बहुत कुछ करेगा।
Also Read: Unnao News: निजी बस से टकराई पुलिस टीम की कार, दरोगा की मौके पर मौत, छह गंभीर घायल

