पीएम मोदी ने 61,000 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- आज का दिन है बेहद खास

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के 61,000 से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर पीएम ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि यह सिर्फ एक नौकरी का पत्र नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का ‘संकल्प पत्र’ और देश सेवा का निमंत्रण है।

एक खास तारीख और नई शुरुआत

पीएम मोदी ने आज के दिन के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए कहा, आज का दिन हमारे लिए बहुत विशेष है। इसी दिन हमारे संविधान ने जन गण मन को राष्ट्रगान और वंदे मातरम को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाया था। ऐसे ऐतिहासिक दिन पर 61 हजार से ज्यादा नौजवान अपने जीवन की नई पारी शुरू कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए युवाओं को बताया कि भारत आज दुनिया की एकमात्र बड़ी इकोनॉमी है जिसने एक दशक में अपनी जीडीपी (GDP) को दोगुना कर दिखाया है। देश में आज 2 लाख से अधिक रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं, जो लाखों युवाओं को रोजगार दे रहे हैं।

दुनिया के 100 से ज्यादा देश भारत में निवेश कर रहे हैं, जिसका सीधा मतलब है भारतीय युवाओं के लिए नौकरियों के अनगिनत मौके। साल 2014 के बाद से इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग में 6 गुना की भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे भारत एक वैश्विक शक्ति बनकर उभरा है।

आधी आबादी की पूरी भागीदारी

इस रोजगार मेले की एक बड़ी खूबी महिलाओं की भागीदारी रही। पीएम ने बताया कि आज के आयोजन में 8,000 से ज्यादा बेटियों को नियुक्ति पत्र मिले हैं। उन्होंने खुशी जाहिर की कि पिछले 11 वर्षों में वर्कफोर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग दोगुनी हो गई है और महिला स्वरोजगार की दर में भी 15% का इजाफा हुआ है।

Also Read: Siddharthnagar News: ककरहवा बॉर्डर पर नेपाल का कालीदह कस्टम ऑफिस हुआ हाईटेक, भारतीय वाहनों को मिलेगी तुरंत एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.