मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत पर बोले PM मोदी, बिहार की माताओं-बहनों के लिए डबल इंजन सरकार समर्पित

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि बिहार की माताओं, बहनों और बेटियों के कल्याण के लिए डबल इंजन की सरकार पूरी लगन से काम कर रही है। उन्होंने इस योजना को शुरू करने पर गर्व व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है, जिनमें से 2 करोड़ से अधिक बहनें पहले ही यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, उनकी मेहनत से गाँव बदला है, समाज बदला है और परिवार का रुतबा भी बदला है।

आरजेडी और कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन्होंने पुरानी बात याद दिलाई, पहले एक प्रधानमंत्री कहते थे कि दिल्ली से अगर एक रुपया भेजा जाता है, तो सिर्फ 15 पैसा पहुँचता है, 85 पैसे कोई ‘पंजा’ मार लेता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज जो 10-10 हजार रुपये सीधे महिलाओं के खाते में भेजे गए हैं, इन्हें कोई लूट नहीं सकता।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब बिहार में ‘लालटेन का राज’ था, तब अराजकता और भ्रष्टाचार की सबसे ज़्यादा मार महिलाओं ने झेली थी। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि टूटी-फूटी सड़कों और पुल-पुलिया न होने के कारण गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल तक पहुँचने में कितनी परेशानी होती थी।

नारी शक्ति को केंद्र में रखकर बन रही हैं नीतियां

प्रधानमंत्री ने पिछले 11 वर्षों में महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा, जब कोई सरकार महिलाओं को केंद्र में रखकर कोई नीति बनाती है, तो उसका फ़ायदा समाज के दूसरे हिस्सों पर भी पड़ता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण उज्ज्वला योजना है, जिसका बदलाव पूरी दुनिया देख रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मुद्रा योजना, ड्रोन दीदी अभियान, बीमा सखी अभियान और बैंक दीदी अभियान जैसी सभी योजनाएँ महिलाओं के लिए रोज़गार और स्वरोज़गार के नए अवसर पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा, हमारा एक ही लक्ष्य है, आपके सपने पूरे हों।

Also Read: UP News: दिवाली से पहले योगी सरकार का तोहफा, UP के 4 लाख छात्रों को मिली छात्रवृत्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.