PM मोदी बोले- ऑपरेशन सिंदूर सफल, 22 मिनट में जमींदोज किए आतंकी ठिकाने
Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्रकारों से बात करते हुए कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने इस सत्र को ‘विजयोत्सव’ बताते हुए कहा कि यह राष्ट्र के लिए बेहद गौरवपूर्ण है।
घर में घुसकर किया हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन में जो लक्ष्य तय किया था, उसे 100 फीसदी पूरा किया गया है। पीएम ने बताया कि आतंकी आकाओं के घर जाकर, ऑपरेशन सिंदूर के तहत सिर्फ़ 22 मिनट में उनके ठिकानों को जमींदोज कर दिया गया। हमने यह सिद्ध करके दिखा दिया है। उन्होंने इस अभियान के दौरान ‘मेड इन इंडिया’ सैन्यशक्ति के नए स्वरूप की भी सराहना की और कहा कि विश्वभर में अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा और नक्सलवाद पर जीत
पीएम मोदी ने इस मानसून सत्र को राष्ट्र के लिए गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का तिरंगा लहराना हर देशवासी के लिए गर्व की बात है। यह देश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के प्रति नया उत्साह भरने वाली यात्रा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरा संसद और देशवासी इस गौरव में एक स्वर से जुड़ेंगे और इसका यशगान करेंगे।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश लंबे समय से हिंसक वारदातों का शिकार रहा है। लेकिन, आज नक्सलवाद-माओवाद का दायरा तेज़ी से सिकुड़ रहा है। उन्होंने गर्व से कहा कि देश के सैकड़ों ज़िले अब शांति की साँस ले रहे हैं, क्योंकि बम, बंदूक और पिस्तौल के सामने भारत का संविधान विजयी हो रहा है। उन्होंने बताया कि पहले जो क्षेत्र ‘रेड कॉरिडोर’ के नाम से जाने जाते थे, वे अब ‘ग्रीन ग्रोथ ज़ोन’ में बदल रहे हैं, जो देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
आर्थिक प्रगति और संसद का महत्व
आर्थिक प्रगति को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में दसवें स्थान पर था, लेकिन आज यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है। उन्होंने इस प्रगति को देश की मेहनत और सही नीतियों का परिणाम बताया।
Also Read: पश्चिमी यूपी के आसमान में रहस्यमयी ड्रोन, दहशत में जागते हैं ग्रामीण, पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीम

