Arjun Erigaisi: 14 साल में ग्रैंडमास्टर बनने वाले अर्जुन इरीगाइसी को PM मोदी का सलाम, दोहा में रचा इतिहास

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय खेल जगत में शतरंज के युवा सितारे अर्जुन इरीगाइसी लगातार देश का मान बढ़ा रहे हैं।

खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन को लेकर हमेशा सक्रिय रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब 22 वर्षीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन इरीगाइसी की शानदार उपलब्धि पर खुलकर सराहना की है।

दोहा में आयोजित FIDE वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने के बाद पीएम मोदी ने अर्जुन की तारीफ करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

कतर के दोहा में संपन्न FIDE वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप के ओपन सेक्शन में अर्जुन इरीगाइसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

कठिन मुकाबलों और विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच अर्जुन का यह प्रदर्शन भारतीय शतरंज के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर की सराहना

Arjun Erigaisi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर अर्जुन इरीगाइसी की तारीफ करते हुए लिखा कि FIDE वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप के ओपन वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतना गर्व की बात है। उन्होंने अर्जुन के प्रदर्शन को सराहनीय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

14 साल की उम्र में बने थे ग्रैंडमास्टर

अर्जुन इरीगाइसी ने महज 14 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी। वह महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद के बाद दूसरे भारतीय हैं, जिन्होंने FIDE रेटिंग में 2800 का आंकड़ा पार किया।

कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर अर्जुन ने खुद को दुनिया के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर लिया है।

अर्जुन इरीगाइसी का दोहा में पदक जीतना इस बात का संकेत है कि भारतीय शतरंज का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर रहे अर्जुन न सिर्फ युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं, बल्कि भारत को शतरंज की वैश्विक ताकत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

Also Read: Vijay Hazare Trophy: T20 वर्ल्ड कप टीम में जगह मिलते ही गरजा रिंकू सिंह का बल्ला, जड़ दिए 3 अर्धशतक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.