मोतिहारी में PM मोदी का विपक्ष पर तीखा हमला, नीतीश कुमार की दिल खोलकर तारीफ

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) व कांग्रेस पर आरोप लगाए। वहीं, इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खुलकर तारीफ भी की।

मोतिहारी के गांधी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले किसी भी क्षेत्र या वर्ग को पिछड़ा कहकर छोड़ दिया जाता था, लेकिन हमारी सरकार के लिए पिछड़े ही प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि हमने पिछड़े जिलों को ‘आकांक्षी जिला’ बनाकर उनका विकास किया, और सीमावर्ती गांवों को जो कभी ‘आखिरी गांव’ कहकर छोड़ दिए जाते थे, अब उन्हें देश का ‘पहला गांव’ बना दिया है।

न नारों तक अटकते हैं, न वादों तक सिमटते हैं

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि दशकों से ओबीसी आयोग संवैधानिक दर्जे की मांग कर रहा था, और यह काम हमारी सरकार ने ही किया। पीएम मोदी ने ज़ोर देकर कहा कि बिहार के पास न तो सामर्थ्य की कमी है और न ही संसाधनों की। उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार आने के बाद ही मखाना की कीमत बढ़ी है, जिससे किसानों को सीधा फायदा हो रहा है। इसके अलावा, लीची, जर्दालु आम, मगही पान और कतरनी चावल जैसे कई बिहार के विशिष्ट उत्पाद हैं, जिन्हें सरकार दुनिया भर के बाज़ारों से जोड़ेगी।

पीएम मोदी ने अपने काम करने के तरीके को बताते हुए कहा, न हम नारों तक अटकते हैं, न वादों तक सिमटते हैं, हम काम करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जब हम कहते हैं कि पिछड़ों और अतिपिछड़ों के लिए काम कर रहे हैं, तो यह हमारी नीतियों में साफ नज़र आता है। प्रधानमंत्री ने बिहार में नक्सलवाद के लगभग समाप्त होने की भी चर्चा की और कहा कि यह नया भारत दुश्मनों को सज़ा देने के लिए जमीन-आसमान एक कर देता है। उन्होंने याद दिलाया कि बिहार की धरती से ही उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का संकल्प लिया था और आज उसकी सफलता को पूरी दुनिया देख रही है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के अंत में कहा, बिहार आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने समृद्ध बिहार और हर युवा को रोजगार के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि बिहार के नौजवानों को बिहार में ही रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके मिलें, इसके लिए केंद्र सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कंधे से कंधा मिलाकर साथ दे रही है। उन्होंने एक नई और बड़ी योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब प्राइवेट नौकरी में जिसे पहली बार मौका मिलेगा, उसे केंद्र सरकार 15 हजार रुपये देगी। यह योजना अगस्त से ही लागू होने जा रही है और इसका बड़ा फायदा बिहार के नौजवानों को भी मिलेगा।

Also Read: झांसी में दबंगों ने बंदूक की बट और लात-घूसों से की दो लोगों की पिटाई, वीडियो वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.