पीएम मोदी ने सोमनाथ में शौर्य यात्रा में लिया हिस्सा, कहा- हजार साल बाद भी ये ध्वजा बोल रही है

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोमनाथ मंदिर में ‘शौर्य यात्रा’ में हिस्सा लेकर एक हजार साल पहले मंदिर की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले पूर्वजों को याद किया। भावुक माहौल में पीएम मोदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के स्वाभिमान पर्व में शामिल होना उनके लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है।

इस दौरान पीएम मोदी ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और आदि शंकराचार्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने 108 घोड़ों के साथ निकली शोभायात्रा को देखा और श्रद्धालुओं को ‘जय सोमनाथ’ का आशीर्वाद दिया।

मंत्र-मुग्ध कर देने वाला है अनुभव

पीएम मोदी ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के आयोजन की तारीफ करते हुए कहा, 72 घंटे तक ओंकार का नाद, 1,000 ड्रोन से दिखाई गई सोमनाथ की गाथा और आज यह शौर्य यात्रा… सब कुछ मंत्र-मुग्ध कर देने वाला है। इस अनुभूति को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

पूर्वजों के बलिदान को किया याद

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर राष्ट्र की शक्ति और सांस्कृतिक विरासत पर जोर देते हुए कहा, आज से करीब एक हजार साल पहले इसी जगह हमारे पूर्वजों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। वे आततायी सोचते थे कि उन्होंने हमें जीत लिया, लेकिन आज एक हजार साल बाद भी सोमनाथ के मंदिर पर फहराती यह ध्वजा पूरी दुनिया को बताती है कि भारत की शक्ति और सामर्थ्य क्या है।

क्या है सोमनाथ स्वाभिमान पर्व

गुजरात के सोमनाथ मंदिर में 1000 साल पहले हुए आक्रमण और उसके बाद मंदिर के पुनर्निर्माण की याद में यह पर्व मनाया जा रहा है। इस दौरान 72 घंटे तक लगातार मंत्रोच्चार, भव्य ड्रोन शो और विशाल शोभायात्रा निकाली जा रही है। पीएम मोदी खुद सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Also Read: Lucknow News: ट्रेन के आगे गर्दन रखकर प्रेमी जोड़े ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- मुझे मेरा कान्हा मिल गया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.