ट्रंप के सख्त तेवर के बाद PM मोदी का बड़ा कदम, अमेरिका के 50% टैरिफ पर कैबिनेट की आपात बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका द्वारा भारतीय निर्यात पर 50% का दंडात्मक टैरिफ लगाने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सख्त रुख के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दोपहर 1 बजे एक उच्च-स्तरीय कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में अमेरिका के इस फैसले के प्रभावों और उससे निपटने की रणनीति पर गहन चर्चा हुई।
ट्रंप ने वार्ता से साफ किया इनकार
गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार वार्ता से साफ इनकार कर दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या 27 अगस्त को टैरिफ लागू होने के बाद बातचीत होगी, तो उन्होंने सीधा जवाब दिया, “नहीं, जब तक हम इसे सुलझा नहीं लेते, तब तक नहीं।” ट्रंप के इस बयान से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
पीएम मोदी ने किया कड़ा जवाब
ट्रंप के बयान से पहले, गुरुवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों की आजीविका की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “देश उनके हितों से कभी समझौता नहीं करेगा।” मोदी के इस बयान को ट्रंप के सख्त रुख के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, “मुझे पता है कि इसके लिए मुझे व्यक्तिगत रूप से भारी कीमत चुकानी पड़ेगी, लेकिन मैं तैयार हूं – और भारत भी तैयार है।”
क्या है विवाद की वजह?
अमेरिका ने इस हफ्ते रूस के साथ भारत के व्यापार को लेकर नाराजगी जताई थी, जिसके बाद उसने भारतीय आयात पर 50% टैरिफ लगाने का ऐलान किया। इस कदम से नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच मजबूत होते रिश्तों में अचानक तनाव आ गया है। इस बैठक के बाद भारत सरकार की तरफ से क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Also Read: UP News: क्या मुख्य सचिव के रिटायर होने का इंतजार कर रही थी ईडी?

